पटना में चोरों ने महिला का फोन छीना, रोकने पर तोड़ दिया हाथ; 112 में कॉल करने पर नहीं मिली मदद
पटना में मोबाइल छीनने के दौरान एक युवती का हाथ टूट गया, जब उसने विरोध किया। पीड़िता ने 112 पर ...और पढ़ें

एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
खेमनीचक में युवती का मोबाइल छीनकर अपराधी फरार हुए।
मोबाइल बचाने के प्रयास में युवती का हाथ फ्रैक्चर हुआ।
112 पर कॉल के बावजूद पुलिस सहायता में देरी हुई।
जागरण संवाददाता, पटना। मोबाइल छिनतई की घटनाएं आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं। ताजा मामला खेमनीचक स्थित फोर्ड हास्पिटल के पास का है, जहां बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक युवती का मोबाइल फोन जबरन छीन लिया। इस दौरान मोबाइल बचाने के प्रयास में युवती के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ फ्रैक्चर हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर पर कॉल करने के बावजूद काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। अंततः उसे अगले दिन अपने टूटे हाथ का इलाज कराना पड़ा।
पीड़िता रानी कुमारी पत्रकार नगर थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया है कि वह खेमनीचक स्थित फोर्ड हॉस्पिटल से लगभग 20 मीटर आगे बाईं ओर बाइपास रोड से गुजर रही थी।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बनाया और जबरन उसका मोबाइल फोन छीनने लगे। रानी ने मोबाइल बचाने का प्रयास किया तो अपराधियों के साथ धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट लग गई और हाथ टूट गया। अपराधी मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
हरे रंग की बाइक और हेलमेट पहने थे दोनों आरोपित
पीड़िता के अनुसार, वारदात में शामिल दोनों अपराधियों ने हरे और कॉल रंग के हेलमेट पहन रखे थे। दोनों के कपड़े भी हरे रंग के थे। अपराधियों की बाइक का रंग भी हरा बताया गया है। आवेदन में पुलिस से इन हुलियों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
रानी कुमारी ने अपने आवेदन में पुलिस की आपातकॉल न सहायता व्यवस्था पर भी सवाल उठाया है। उनका कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर पर कॉल किया था, लेकिन काफी देर तक कोई पुलिस सहायता नहीं पहुंची।
करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बावजूद पुलिस नहीं पहुंची। दाहिने हाथ में गंभीर चोट और फ्रैक्चर के कारण वहां से चली गई और अगले दिन अस्पताल में उपचार कराया।
नहीं थम रही मोबाइल छिनतई की घटनाएं
मोबाइल छिनतई की घटनाएं जिले में थमने का नाम नहीं ले रही। एक तरफ पुलिस आपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल बांट रही है तो दूसरी ओर शातिर हर दिन चार से पांच मोबाइल फोन छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे हैं।
मोबाइल फोन छिनतई के साथ-साथ खाते से रुपये निकासी की घटनाएं भी बढ़ गई है। छह दिसंबर को पटना जंक्शन पर एक युवक का मोबाइल झपट लिया और फिर उसके खाते से दो हजार रुपये से अधिक की निकासी कर ली।
मोबाइल छिनतई होते ही सबसे पहले ये सात काम करें
1. अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें।
2. तुरंत पुलिस को सूचना दें।
3. मोबाइल का आइएमइआइ नंबर नोट करें।
4. सिम कार्ड तुरंत बंद करवाएं।
5. सीईआइआर पोर्टल पर मोबाइल ब्लाक करें।
6. बैंक को कॉल करके मोबाइल बैंकिंग और यूपीआइ सुरक्षित करें।
7. अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट और ईमेल का पासवर्ड बदलें।
जरूरी हेल्पलाइन नंबर व सुविधा
- पुलिस इमरजेंसी-112
- साइबर वित्तीय धोखाधड़ी-1930
- साइबर क्राइम पोर्टल-cybercrime.gov.in
पुलिस में शिकायत के लिए ये जानकारी रखें
- मोबाइल का ब्रांड और माडल
- मोबाइल का आइएमइआइ नंबर
- मोबाइल नंबर
- छिनतई की तारीख और समय
- घटनास्थल का पूरा पता
- अपराधी और वाहन का विवरण (यदि याद हो)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।