अनंत सिंह के 'ए गुंजन' पर मीसा भारती की मजेदार मिमिक्री, RJD के लिए भी गढ़ दिया नया डायलॉग
राजद सांसद मीसा भारती ने मोकामा विधायक अनंत सिंह के वायरल 'ए गुंजन...' डायलॉग की नकल उतारी, जिसपर समर्थकों ने जोरदार ठहाके लगाए।
HighLights
मीसा भारती ने अनंत सिंह के 'ए गुंजन' डायलॉग की नकल की।
राजद सांसद ने पार्टी के लिए नया नारा 'ए चंदन' गढ़ा।
यह दानापुर में एक शादी समारोह का वायरल वीडियो है।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह का बोलने का खास अंदाज अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहता है।
उनके 'ए गुंजन...' वाले डायलॉग ने इन दिनों इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं। अब इस वायरल डायलॉग की गूंज राजद सांसद मीसा भारती तक भी पहुंच गई है।
उन्होंने न सिर्फ अनंत सिंह के अंदाज की नकल उतारी, बल्कि इसी बहाने अपनी पार्टी के लिए भी एक नया डायलॉग गढ़ दिया।
मीसा भारती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह अनंत सिंह की मिमिक्री करती नजर आ रही हैं।
आमतौर पर गंभीर अंदाज में दिखने वाली पाटलिपुत्र की सांसद इस बार अलग ही मूड में थीं। अनंत सिंह के बोलने के अंदाज की नकल करते हुए वह खुद भी हंसती रहीं और वहां मौजूद लोगों को भी हंसने का मौका मिल गया।
'ए गुंजन...' की नकल कर मीसा भारती ने किस पर साधा निशाना?
बताया जा रहा है कि मीसा भारती दानापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान कार्यकर्ताओं के बीच बातचीत में उन्होंने अनंत सिंह के वायरल वीडियो का जिक्र किया।
हालांकि, उन्होंने अनंत सिंह का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। मीसा भारती ने कहा कि एक नेता पहले जदयू में थे, अब पता नहीं किस पार्टी में जाएंगे।
उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जाता है। वे जिस अंदाज में बोलते हैं, उसमें वे एक कलाकार को कहते हैं- 'ए गुंजन...'। इसके बाद वे खिलखिला पड़ीं।
अनंत सिंह के बाद RJD के लिए भी बना दिया नया डायलॉग
मीसा भारती ने अपनी बात को यहीं नहीं रोका। उन्होंने अनंत सिंह के डायलॉग की तर्ज पर राजद के लिए भी एक नया संबोधन पेश कर दिया।
उन्होंने कहा कि यह तो जदयू के नेता का मामला है, अब पता नहीं वे किस दल में जाएंगे या नहीं जाएंगे। लेकिन राजद के लिए हम लोग कहेंगे- 'ए चंदन...', कौनो दिक्कत नइखे।
उनका यह अंदाज सुनकर वहां मौजूद कार्यकर्ता भी मुस्कुराते नजर आए। कार्यक्रम में वह अपने कार्यकर्ताओं के बीच थीं। इसी दौरान उनका यह हल्का-फुल्का और चुटीला अंदाज कैमरे में कैद हो गया।
राजनीतिक नजरिये से देखें तो मीसा भारती की इस टिप्पणी को जदयू पर तंज और राजद की ओर से पलटवार के रूप में भी देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 7 बार विधायक बने अनंत सिंह अब नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, बेटे की सियासी पारी पर भी दिया संकेत