मर्चेंट नेवी कैप्टन ने जहाज पर की छठ पूजा, ठेकुआ बनाने का वीडियो वायरल; घर से दूर निभाईं सारी रस्में
मर्चेंट नेवी के कैप्टन मिथिलेश कुमार ने सात समंदर पार जहाज पर पूरी श्रद्धा से छठ पर्व मनाया।
HighLights
कैप्टन मिथिलेश ने जहाज पर पूरी श्रद्धा से छठ पर्व मनाया।
उन्होंने नहाय-खाय से अर्घ्य तक सभी विधि-विधान पूरे किए।
अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़ाव का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
डिजिटल डेस्क, पटना। 13 नवंबर से शुरू हुए चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन आज उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हो गया है।
इस पावन अवसर पर जहां देशभर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसने सबका दिल जीत लिया है।
यह वीडियो मर्चेंट नेवी के कैप्टन मिथिलेश कुमार का है, जो सात समंदर पार एक जहाज पर ड्यूटी करते हुए भी पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ छठ पर्व मनाते नजर आ रहे हैं।

कैप्टन मिथिलेश कुमार ने अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर छठ पूजा से जुड़े कई वीडियो शेयर किए हैं। (सोर्स- @captainmithilesh)
जहाज के केबिन में दिखी छठ पूजा की पारंपरिक छटा
सामने आए वीडियो में कैप्टन मिथिलेश कुमार जहाज पर रहते हुए महापर्व की तैयारियां करते दिखाई दे रहे हैं। पर्व की पवित्रता को बनाए रखने के लिए वे सबसे पहले अपने केबिन (कमरे) की अच्छी तरह साफ-सफाई करते हैं और फिर पूजा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाते हैं।
घर-परिवार से मीलों दूर होने के बावजूद उन्होंने चार दिवसीय इस अनुष्ठान के हर नियम का बारीकी से पालन किया।
नहाय-खाय से लेकर सूर्य को अर्घ्य देने तक का सफर
View this post on Instagram
कैप्टन मिथिलेश ने इस वीडियो के जरिए नहाय-खाय से शुरू होने वाले इस महापर्व के चारों दिनों की झलकियां साझा की हैं। वीडियो में उन्हें जहाज के डेक पर खड़े होकर खुले आसमान और समंदर के बीच भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हुए भी देखा जा सकता है।
कर्तव्य के साथ अपनी जड़ों से जुड़ाव जरूरी
इस वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से पोस्ट किया। इस वीडियो के जरिए कैप्टन मिथिलेश कुमार ने संदेश दिया कि भले ही वे अपनी ड्यूटी के कारण घर से दूर जहाज पर हैं, लेकिन वे अपनी संस्कृति और जड़ों को नहीं भूले हैं। इसके लिए उन्होंने अपनी पत्नी का भी धन्यवाद जताया।
इंटरनेट यूजर्स उनकी इस आस्था और समर्पण की जमकर सराहना कर रहे हैं, जो कर्तव्य निभाने के साथ-साथ अपनी परंपराओं को जीवित रखने की प्रेरणा दे रहा है। उनकी इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने उनकी खूब तारीफ की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।