मनीष कश्यप की लव स्टोरी का खुला राज, दोस्त बना था माध्यम; अनुष्का ने बताया कब और कैसे हुआ प्यार
यूट्यूबर मनीष कश्यप और अनुष्का शर्मा की प्रेम कहानी सामने आई है, जिसमें अनुष्का ने बताया कि कैसे उन्होंने 2020 ...और पढ़ें

मनीष कश्यप और उनकी मित्र अनुष्का शर्मा।
HighLights
अनुष्का ने 2020 से मनीष को सोशल मीडिया पर मैसेज भेजे।
मनीष ने 2022 में अनुष्का को पहली बार फोन किया।
मुश्किल वक्त में भी अनुष्का मनीष के साथ खड़ी रहीं।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के चर्चित यूट्यूबर और नेता मनीष कश्यप इन दिनों अपनी लव स्टोरी को लेकर चर्चा में हैं।
उनकी होने वाली जीवनसंगिनी अनुष्का शर्मा ने एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत में प्रेम कहानी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए हैं।
दोनों की शादी वर्ष 2027 में होने की बात सामने आई है। अनुष्का ने बताया कि मनीष को पहली बार पसंद करने से लेकर उनसे शादी का फैसला करने तक का सफर आसान नहीं रहा।
परिवार का दबाव भी आया, लेकिन उन्होंने मनीष का साथ नहीं छोड़ा। अनुष्का के मुताबिक, जब वह 11वीं-12वीं कक्षा में पढ़ती थीं, तभी मनीष कश्यप उन्हें पसंद आने लगे थे।

उस समय वह नाबालिग थीं। मनीष का बिहार और आम लोगों के मुद्दों को लेकर आवाज उठाना उन्हें खास तौर पर प्रभावित करता था।
अनुष्का ने बताया कि उन्हें ऐसा जीवनसाथी चाहिए था, जो उनसे भी अधिक बिहार से प्रेम करता हो। मनीष में उन्हें यही बात नजर आई।
2020 से भेज रही थीं मैसेज, दो साल बाद मिला जवाब
अनुष्का ने बताया कि वह वर्ष 2020 से ही मनीष कश्यप को सोशल मीडिया पर संदेश भेज रही थीं। सुबह-शाम गुड मॉर्निंग, गुड नाइट और अपने मन की बातें लिखकर मैसेज करती थीं।
हालांकि, मनीष की ओर से जवाब मिलने में करीब दो साल लग गए। मनीष कश्यप ने भी बातचीत में इस किस्से का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार कई संदेश मिलते थे।
वर्ष 2022 में उन्होंने पहली बार अनुष्का को फोन किया। बातचीत के दौरान उनकी आवाज उन्हें काफी अच्छी लगी। इसके बाद अपने मित्र मणि द्विवेदी को माध्यम बनाकर वीडियो कॉल किया और पहली बार अनुष्का का चेहरा देखा।
मनीष ने बताया कि वीडियो कॉल पर अनुष्का उन्हें काफी खूबसूरत लगीं। इसके बाद उन्होंने अपने मित्र मणि द्विवेदी को अनुष्का से मिलने के लिए भेजा।
मुलाकात के बाद मणि ने भी बताया कि अनुष्का वीडियो कॉल से कहीं अधिक खूबसूरत हैं। इसके बाद दोनों की मुलाकात हुई। वर्ष 2023 में दोनों आमने-सामने मिले और उनकी नजदीकियां बढ़ती गईं।
उम्र में 12 साल का अंतर, फिर भी नहीं बदला फैसला
अनुष्का ने बताया कि उनकी और मनीष कश्यप की उम्र में करीब 12 साल का अंतर है। हालांकि, उनके लिए यह कभी रिश्ते में बाधा नहीं बना। मनीष को पाने के लिए उन्होंने लंबा इंतजार किया और इस दौरान अपने फैसले पर कायम रहीं।
उन्होंने यह भी बताया कि रिश्ते को लेकर परिवार की ओर से कई बार दबाव बनाया गया। उन्हें मनीष से दूरी बनाने की सलाह दी गई, लेकिन उन्होंने उनका साथ नहीं छोड़ा। मुश्किल वक्त में भी वह मनीष के साथ मजबूती से खड़ी रहीं।

जेल जाने के दौरान भी नहीं छोड़ा साथ
मनीष कश्यप ने बातचीत में बताया कि वर्ष 2023 में जब वह जेल गए थे, तब भी अनुष्का उनके साथ खड़ी रहीं। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु से जुड़े मामले के दौरान अनुष्का पटना स्थित अदालत भी पहुंची थीं।
कोर्ट से उनकी गाड़ी निकल रही थी, उस समय अनुष्का भावुक होकर रो रही थीं। मनीष के मुताबिक, मुश्किल दौर में अनुष्का का साथ उनके लिए काफी मायने रखता था।
कौन हैं अनुष्का शर्मा?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनुष्का शर्मा बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर की रहने वाली हैं। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पढ़ाई के दौरान ही उनकी रुचि छात्र राजनीति में बढ़ी और वह विश्वविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय रहीं।
अनुष्का उस समय भी चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। छात्र राजनीति में उनकी सक्रियता के कारण भी उन्हें पहचान मिली।
कौन हैं मनीष कश्यप?
मनीष कश्यप बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले हैं। यूट्यूब वीडियो के माध्यम से उन्होंने बिहार के मुद्दों को उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई। स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों पर वीडियो बनाने के कारण वह काफी चर्चित हुए।
उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा। अप्रैल 2024 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ली थी। बाद में भाजपा छोड़कर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़ गए।
अब उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में है और अनुष्का शर्मा के साथ उनकी शादी वर्ष 2027 में होने की बात कही जा रही है।
यह भी पढ़ें- मनीष कश्यप को सरप्राइज देने मुंबई पहुंचीं अनुष्का शर्मा, बोलीं--अपने Love Life का चेहरा देखना था, इसलिए चली आईं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।