मनेर एनकाउंटर के बाद थाने पहुंचे मृतकों के परिजन, पत्नी-बहन और चाचा ने उठाए सवाल; उच्चस्तरीय और न्यायिक जांच की मांग
मनेर के शेरपुर घाट पर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए तीन युवकों के परिजनों ने अलग-अलग थानों में आवेदन देकर ...और पढ़ें

थानों में दिए गए आवेदन
जागरण टीम, पटना। पटना के मनेर स्थित शेरपुर घाट पर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए तीन युवकों के अंतिम संस्कार के बाद अब मामला तूल पकड़ने लगा है। मुठभेड़ की परिस्थितियों को लेकर मृतकों के स्वजन ने सवाल उठाए हैं। तीनों परिवारों ने अलग-अलग थानों में आवेदन देकर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, उच्चस्तरीय और न्यायिक जांच कराने की मांग की है। इस घटनाक्रम के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल भी देखने को मिल रहा है।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों युवकों के शव एम्स से परिजनों को सौंप दिए गए। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद अलग-अलग घाटों पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, परिजन अब मुठभेड़ की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।
किसी ने पत्नी तो किसी ने चाचा और बहन के जरिए उठाई आवाज
मुठभेड़ में मारे गए तीनों युवकों के परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, जेपी यादव की पत्नी पूजा देवी ने दानापुर थाने में आवेदन सौंपा है।
वहीं, राजा शर्मा के चाचा अवधेश शर्मा और बबलू कुमार की बहन रीना कुमारी ने शाहपुर थाने में अलग-अलग आवेदन दिए हैं। तीनों आवेदनों में मुठभेड़ की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
थानों में दिए गए आवेदन, अब मनेर थाना भेजे जाएंगे
परिजनों की ओर से दिए गए आवेदनों को लेकर पुलिस भी आवश्यक प्रक्रिया में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, दानापुर और शाहपुर थानों में प्राप्त आवेदनों को आगे की कार्रवाई के लिए मनेर थाना भेजने की तैयारी की जा रही है।
परिजनों की मुख्य मांग है कि मुठभेड़ में आखिर क्या परिस्थितियां बनीं और पूरी कार्रवाई किस तरह हुई, इसकी निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए। उन्होंने उच्चस्तरीय और न्यायिक जांच की मांग उठाई है।
शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम, अंतिम दर्शन के लिए जुटे लोग
शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद तीनों युवकों के शव उनके परिजनों को सौंपे गए। शव घर पहुंचते ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोग भी शोक जताने के लिए पहुंचे।
मुठभेड़ में मारे गए युवकों के गांवों में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। अंतिम संस्कार के दौरान परिवार और परिचितों की भीड़ जुटी रही।
जेपी यादव का पीपापुल घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
दानापुर के न्यू ताराचक निवासी जेपी यादव का शव शनिवार सुबह एम्स से घर पहुंचा। इसके बाद सुबह करीब आठ बजे उनकी शवयात्रा निकाली गई। अंतिम संस्कार पीपापुल घाट पर किया गया।
इस दौरान परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। जेपी यादव की पत्नी पूजा देवी ने दानापुर थाने में आवेदन देकर मुठभेड़ की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
राजा शर्मा का बांस घाट और बबलू का सोन नदी घाट पर अंतिम संस्कार
शाहपुर के गंगहारा निवासी राजा शर्मा का अंतिम संस्कार बांस घाट पर किया गया। उनके चाचा अवधेश शर्मा ने शाहपुर थाने में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
वहीं, बबलू कुमार के परिजन शव लेकर उसके पैतृक गांव चले गए थे। वहां सोन नदी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। बबलू की बहन रीना कुमारी ने भी शाहपुर थाने में आवेदन सौंपा है।
एनकाउंटर के बाद अब जांच पर टिकी सबकी नजर
मनेर के शेरपुर घाट पर हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद अब मृतकों के परिजन पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग कर रहे हैं। तीनों परिवारों ने अलग-अलग आवेदन देकर अपनी मांग पुलिस तक पहुंचाई है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस इन आवेदनों पर क्या कार्रवाई करती है और मुठभेड़ की परिस्थितियों को लेकर जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
यह भी पढ़ें- पटना के मनेर में STF और अपराधियों के बीच मुठभेड़, तीन बदमाश ढेर; थानाध्यक्ष भी जख्मी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।