'सरकारी खजाने से खरीदे गए वोट, EC पर BJP का दबाव'; धांधली के खिलाफ सड़क पर उतरेगा महागठबंधन
तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन ने चुनाव आयोग, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए, कहा कि आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है।

'सरकारी खजाने से खरीदे गए वोट, EC पर BJP का दबाव'; धांधली के खिलाफ सड़क पर उतरेगा महागठबंधन
HighLights
चुनाव आयोग पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया गया।
7 अक्टूबर को प्रखंड, 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन होगा।
तेजस्वी के नेतृत्व में पटना में 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' निकलेगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने चुनाव आयोग, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं। जब लोकतंत्र ही नहीं बचेगा तो चुनाव का क्या मतलब रह जाएगा। तेजस्वी ने कहा कि लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बिहार में लड़ी जाएगी और और चुनाव आयोग के बेईमानी का पर्दाफाश किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने सोमवार को एक पोलो रोड स्थित आवास पर महागठबंधन नेताओं की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि सात अक्टूबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर आक्रोश मार्च और आठ अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर धरना होगा। उसी दिन पटना में शहीद स्मारक से लोकभवन तक तेजस्वी के नेतृत्व में लोकतंत्र बचाओ मार्च निकलेगा। राष्ट्रपति से मिलने का समय भी मांगा गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि एसआइआर के दौरान जीवित लोगों के नाम मृतकों की सूची में डाले गए और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए। चुनाव के दौरान महिलाओं के खातों में दस-दस हजार रुपये भेजकर आचार संहिता का उल्लंघन किया गया।
उनके अनुसार, सरकारी खजाने से हजारों करोड़ रुपये निकालकर वोट खरीदे गए। उन्होंने कहा, पहले चुनावी रिकार्ड एक साल तक सुरक्षित रखा जाता था, लेकिन अब इसे घटाकर 45 दिन कर दिया गया है। पिछले 10 महीने में चुनाव आयोग के खिलाफ 14 बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
आयोग के चयन पैनल से सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को हटाकर मंत्री को शामिल करने पर भी उन्होंने सवाल उठाया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस से कपिल देव प्रसाद यादव, सीपीआई के सचिव रामनरेश पांडेय, वाम नेता धीरेंद्र झा, अजय कुमार, आईपी गुप्ता, आलोक कुमार मेहता, कुमार सर्वजीत पासवान, रणविजय साहू, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, देव कुमार ज्योति और मो. हसनैन उपस्थित थे।
चुनाव आयोग को कमजोर कर रही केंद्र सरकार : मुकेश सहनी
विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चुनाव आयोग को कमजोर कर केंद्र सरकार लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। बिहार में वोट काटने और पैसे बांटकर सरकार बनाने का खेल हुआ।
सहनी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने से जनता का लोकतंत्र में विश्वास कमजोर होगा। सहनी ने कहा कि संविधान से छेड़छाड़ की कोशिश हुई तो विपक्ष लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन खड़ा करेगा।
यह भी पढ़ें- SIR प्रक्रिया में बदलाव पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, चुनाव आयोग को जारी किया नोटिस; फॉर्म-6 पर क्यों मचा घमासान?
