LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, बिना KYC नहीं मिलेगा सब्सिडी वाला सिलिंडर
पेट्रोलियम कंपनियां उन रसोई गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन समाप्त करने की तैयारी में हैं जिन्होंने अभी तक केवाईसी नहीं कराई है।

केवाईसी नहीं कराई तो खत्म हो सकती है रसोई गैस सिलिंडर की सब्सिडी
HighLights
केवाईसी न कराने पर गैस कनेक्शन समाप्त हो सकते हैं।
अनुदानित दर पर घरेलू सिलिंडर की सुविधा से वंचित होंगे।
पेट्रोलियम कंपनियां कार्रवाई की तैयारी में, जल्द केवाईसी कराएं।
जागरण संवाददाता, पटना। रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। लगातार मौका दिए जाने के बावजूद जिन उपभोक्ताओं ने अब तक अपने गैस कनेक्शन की केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) नहीं कराई है, उनके कनेक्शन पर पेट्रोलियम कंपनियां अब कार्रवाई की तैयारी में जुट गई हैं।
ऐसे कनेक्शनों को समाप्त किए जाने की स्थिति में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर की सुविधा से वंचित होना पड़ सकता है।
कनेक्शन समाप्त होने के बाद संबंधित उपभोक्ता को अनुदानित दर पर घरेलू सिलिंडर नहीं मिल सकेगा। जरूरत पड़ने पर उसे सामान्य अथवा व्यावसायिक दर पर सिलिंडर खरीदना पड़ सकता है, जिससे उसकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
कई बार दिया जा चुका है मौका
पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को केवाईसी पूरा कराने के लिए लगातार अवसर दिया जा रहा है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ऐसे कनेक्शन हैं, जिनका केवाईसी सत्यापन अब तक पूरा नहीं हुआ है। कंपनियां अब ऐसे कनेक्शनों की समीक्षा कर उन्हें बंद करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं।
गैस एजेंसियों की ओर से भी उपभोक्ताओं को समय रहते केवाईसी पूरा कराने की सलाह दी जा रही है। इससे कनेक्शन सक्रिय रहने के साथ घरेलू गैस सिलिंडर की सुविधा भी निर्बाध रूप से मिलती रहेगी।
उपभोक्ता क्या करें?
- जिन ग्राहकों ने अभी तक केवाईसी नहीं कराई है, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
- मोबाइल नंबर, पहचान और कनेक्शन से संबंधित जरूरी दस्तावेजों की जानकारी सही रखना भी जरूरी है।
- अंतिम समय में एजेंसी पर भीड़ और असुविधा से बचने के लिए उपभोक्ताओं को जल्द केवाईसी कराने की सलाह दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- LPG का नया खेल: कंपनी का पाइप लो, वरना नहीं मिलेगा रसोई गैस सिलिंडर
