Bihar Political Crisis Highlights : महागठबंधन सरकार का शपथ ग्रहण आज, नीतीश सीएम तो तेजस्वी बनेंगे डिप्टी सीएम
Bihar Political Crisis Highlights: बिहार में एनडीए की सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के साथ गिर गई है। अब नीतीश कुमार बुधवार को महागठबंधन की नई सरकार बनाएंगे।
पटना, आनलाइन डेस्क। Bihar Political Crisis Highlights: बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार के द-एंड हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने मंगलवार को राज्यपाल से मुलाकात कर इस्तीफा सौंपा, जिसे स्वीकार करते हुए राज्यपाल ने उन्हें शपथ ग्रहण के लिए बुधवार का समय दिया है। इसके पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष ललन सिंह (Lalan Singh) तथा जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने जेडीयू के नए गठबंधन में जाने की घोषणा कर दी थी। महागठबंधन की नई नीतीश सरकार में तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री (Dy.CM) रहेंगे।
Bihar Political Crisis Highlights:
नीतीश की नई सरकार कल लेगी शपथ
नीतीश कुमार के आग्रह को राजभवन ने स्वीकार कर लिया है। उन्हें शपथ ग्रहण के लिए समय दे दिया है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री तो तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
बीजेपी का नीतीश पर हमला- कहा- पीएम मोदी की वजह 2020 में हुई थी जीत
बिहार में बीजेपी और जदयू का रिश्ता खत्म होने के बाद अब भाजपा नीतीश पर हमलावर है। बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि पीएम मोदी की वजह से 2020 में उनकी जीत हुई थी।
आरसीपी बोले- जनादेश के साथ किया गया विश्वासघात
भाजपा से नाता तोड़ एक बार फिर से महागठबंधन के साथ होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने सीएम नीतीश कुमार पर जनादेश के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। आरसीपी सिंह ने ट्वीट कर कहा कि बिहार की जनता के द्वारा एनडीए के पक्ष में दिए गए 2020 के जनादेश के साथ विश्वासघात किया गया।
तेजस्वी बोले- बीजेपी सहयोगी पार्टी को तोड़ने का काम करती है
राज्यपाल से मिलकर महागठबंधन की सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद तेजस्वी यादव ने बीजेपी के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा भाजपा अपने सहयोगी पार्टी को तोड़ती है। बिहार में बीजेपी के साथ कोई नहीं हैं। नीतीश पीएम कैंडिडेट होंगे या नहीं इसका फैसला मुख्यमंत्री खुद करेंगे।
10 लाख युवाओं को रोजगार देगी महागठबंधन की सरकार
बदले राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि महागठबंधन की नई सरकार 10 लाख युवाओं को रोजगार देगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने गरीबों के मुंह से निवाला छीना है। यह भी कहा कि सरकार में जो भी भूमिका मिलेगी, उसे निभाऊंगा।
महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा
नीतीश कुमार एवं तेजस्वी यादव एक ही गाड़ी में राजभवन पहुंचे हैं। उनके काफिले में जीतन राम मांझी व ललन सिंह सहित महागठबंधन के कई नेता हैं। कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास भी राजभवन पहुंचे। नीतीश कुमार ने महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए 164 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। राजभवन के बाहर महागठबंधन समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव के साथ जाएंगे राजभवन
नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव के साथ सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन जा सकते हैं। इसके पहले हम के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी अणे मार्ग पहुंच गए हैं। अणे मार्ग के सामने जदयू, राजद, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं का जमावड़ा लगा है।
भाजपा ने नीतीश कुमार को कहा धोखेबाज
भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेस कांफ्रेंस कर जदयू के फैसले को बिहार की जनता और भाजपा के साथ धोखा बताया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा ने बड़ी पार्टी होने के बावजूद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया। इसके बावजूद उन्होंने ऐसा फैसला क्यों लिया, ये वहीं बताएंगे। बिहार की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, मंगल पांडेय, राम सूरत कुमार आदि भी थे।
मुख्यमंत्री आवास पर मीडिया से बात कर सकते हैं नीतीश कुमार
राबड़ी देवी के सरकारी आवास से नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव पैदल ही बाहर निकल गए हैं। दोनों नेता अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास जा रहे हैं। उम्मीद है कि अणे मार्ग में दोनों नेता मीडिया से बात कर सकते हैं। वहीं से दोनों नेता राजभवन के लिए रवाना हो सकते हैं। माना जा रहा है कि दोनों नेता राज्यपाल फागु चौहान से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
अब तेजस्वी संग मीडिया से मुखातिब होंगे नीतीश
राज्यपाल से मिलने के बाद राबड़ी आवास पहुंचे नीतीश कुमार। कुछ देर बाद तेजस्वी यादव के साथ वे संयुक्त संवाददाता सम्मेलन करेंगे।
इस्तीफा के साथ महागठबंधन की सरकार बनाने का समर्थन पत्र भी सौंपा
नीतीश कुमार का राज्यपाल से मिलने का वक्त चार बजे का था। मगर वक्त से 15 मिनट पहले ही राजभवन पहुंच गए। उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा दिया। इसके साथ ही उन्होंने महागठबंधन की सरकार बनाने की समर्थन पत्र भी सौंपा।
एनडीए से बाहर आने का फैसला पार्टी का: नीतीश कुमार
राज्यपाल को इसतीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि एनडीए से बाहर आने का फैसला पार्टी का है। कहा कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। आगे महागठबंधन की सरकार बनाएंगे।
राजभवन पहुंचे सीएम नीतीश, महागठबंधन की सरकार बनाने का करेंगे दावा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अभी-अभी राजभवन पहुंचे हैं। जैसा कहा जा रहा था कि वे महागठबंधन के विधायकों के साथ राजभवन जाएंगे, वैसा नहीं हुआ। वे अकेले गए हैं। वहां वे राज्यपाल से मुलाकात कर महागठबंधन की सरकार बनाने का दावा करेंगे।
गठबंधन टूटने के बाद जेडीयू बाेला: बीजेपी पीठ में घोंप रही थी छूरा
बीजेपी और जेडीयू के अलगाव की औपचारिक घोषणा के बाद जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने आज ही नए सरकार के गठन की पुष्टि कर दी है। इसके साथ ही बीजेपी पर धोखा देने और पीठ में छूरा घोंपने वाला बताया है।
थोड़ी देर में मुख्यमंत्री आवास पर जुटेंगे महागठबंधन के नेता
थोड़ी देर में मुख्यमंत्री आवास पर जुटेंगे महागठबंधन के नेता। वहां से वे एक साथ राजभवन मार्च करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके साथ राज्यपाल से मिलकर महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए समर्थन पत्र सौंपेंगे।
पटना में आज शाम बीजेपी कोर कमेटी की बैठक
बिहार में एनडीए सरकार का गिरना तय। जेडीयू ने बीजेपी से नाता तोड़ा। इसके बाद नीतीश कुमार शाम साढ़े चार बजे राज्यपाल से मिलकर महागठबंधन की नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे तो बीजेपी कोर कमेटी की बैठक भी पटना में होगी। बीजेपी की बैठक में पार्टी के बड़े नेता राधामोहन सिंह भी शामिल होंगे।
बीजेपी के साथ रहेंगे पारस-चिराग, नीतीश के साथ जाएंगे मांझी-वीआइपी
नई सरकार के गठन के साथ ही दोनों गठबंधनों का रूप भी बदलेगा। नीतीश कुमार को मुकेश सहनी की वीआइपी ने भी समर्थन दे दिया है। जीतन राम मांझी पहले से ही नीतीश कुमार के साथ हैं। ऐसे में नीतीश के सहारे ये दोनों दल महागठबंधन का हिस्सा बनते दिख रहे हैं। महागठबंधन में पहले से ही आरजेडी, कांग्रेस और वाम दल शामिल हैं। दूसरी तरफ बीजेपी अलग-थलग नजर आ रही है। हालांकि, पशुपति कुमार पारस ने बीजेपी के साथ एनडीए में बने रहने की बात कही है। अब दिलचस्प यह होगा कि चिराग के साथ पारस एक साथ एनडीए में कैसे सामंजस्य बैठाते हैं। चिराग खुद को एनडीए का हिस्सा बताते रहे हैं।
कुशवाहा ने नीतीश कुमार को नए गठबंधन की दी बधाई
बिहार में एनडीए के टूटने की औपचारिक घोषणा जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कर दी है। अपने ट्वीट में उन्होंने जेडीयू के नए गठबंधन के लिए नीतीश कुमार को बधाई दी है।
महागठबंधन की सरकार में भी होंगे दो उपमुख्यमंत्री
एनडीए की तरह महागठबंधन की सरकार में भी होंगे दो उपमुख्यमंत्री होंगे। एक डिप्टी सीएम आरजेडी से दूसरा कांग्रेस से संभावित है। इनमें आरजेडी से तजेस्वी का नाम तय है। जबकि, दूसरे नाम की घोषणा शेष है।
एनडीए में बने रहेंगे पशुपति पारस
एनडीए को लेकर बड़ी खबर यह है कि नीतीश कुमार के एनडीए से अलग होने के बाद बिहार में पशुपति पारस की आरएलजेपी एनडीए में बनी रहेगी।
राबड़ी देवी से मुलाकात करने जा रहे सीएम नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राबड़ी देवी से मुलाकात करने उनके आवास पर जा रहे हैं। वहां उनकी मुलाकात तेजस्वी यादव व तेज प्रताप यादव से भी होगी। बताया जा रहा है कि वे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से फोन पर बात भी करेंगे।
जीतनराम मांझी ने कहा- वे नीतीश कुमार के साथ
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा है कि बिहार में जो भी समीकरण बने, वे नीतीश कुमार के साथ हैं। जेडीयू के प्रवक्ता नीरज सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार के खिलाफ बड़ी साजिश की गई, उनका कद छोटा करने की कोशिश की गई। वे जल्द ही इस साजिश का राज उजागर करेंगे।
महागठबंधन की नई सरकार में शामिल होगी कांग्रेस
कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने बताया कि वह भी महागठबंधन की नई सरकार में शामिल होगी। कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद कांग्रेस आगे की रणनीति को सार्वजनिक करेगी।
अपराह्न दो बजे राजभवन जाएंगे सीएम नीतीश कुमार
अपराह्न दो बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन जाएंगे। वहां की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
महागठबंधन की बैठक में गृह विभाग के लिए अड़े तेजस्वी
महागठबंधन की बैठक में तेजस्वी यादव गृह विभाग के लिए अड़ गए बताए जा रहे हैं। नीतीश कुमार ने आज तक हमेशा गृह मंत्रालय अपने पास ही रखा है। अगर महागठबंधन की सरकार में तेजस्वी गृह मंत्री बनते हैं तो यह नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते पहली बार होगा।
बीजेपी को नीतीश कुमार के फैसले का इंतजार
घटनाक्रम पर बीजेपी नजर रखे हुए है, लेकिन बयान देने से बच रही है। दिल्ली में मौजूद मंत्री शाहनवाज हुसैन ने ऐसी कोई भी जानकारी से ही इनकार कर दिया है। बीजेपी के मंत्री नीतीश कुमार के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
दिल्ली में लालू यादव से मिलने पहुंचे प्रेमचंद गुप्ता
दिल्ली में राज्यसभा सदस्य मीसा भारती के आवास पर राज्यसभा सांसद प्रेमचंद गुप्ता पहुंंचे हैं। वे वहां रहकर इलाज करा रहे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने पहुंचे हैं। नीतीश कुमार के महागठबंधन की सरकार का मुख्यमंत्री बनने पर अंतिम सहमति लालू ने ही दी है।
जेडीयू की बैठक में ली जा रही सांसदों-विधायकों की राय
जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का बयान: सभी विधायकों व सांसदों से ली जा रही है राय। उनकी राय के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।
राज्यपाल ने सीएम नीतीश को दिया मिलने का समय
बताया जा रहा है कि राज्यपाल फागू चौहान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मिलने के लिए दो बजे का समय दिया है। वे राजयपाल से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपेंगे।
इस्तीफा या बर्खास्तगी पर फैसले को लेकर बीजेपी कोटे के मंत्री पहुंचे डिप्टी सीएम आवास
एक तरफ जेडीयू, आरजेडी, कांग्रेस और वाम दल के विधायकों की बैठक जारी है, तो दूसरी ओर बीजेपी मंत्री और विधायक भी उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के घर जुटने लगे हैं। बीजेपी सूत्रों के अनुसार, अभी शीर्ष नेतृत्व ने पूरे मामले पर चुपचाप नजर रखने को कहा है। जेढीयू के महागठबंधन के साथ जाने की स्थिति में बीजेपी नेता इस्तीफा भी दे सकते हैं। हालांकि, एक धड़ा यह भी कह रहा कि नीतीश कुमार भले ही बर्खास्त कर दें लेकिन बीजेपी कोटे के मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे।
महागठबंधन की बैठक में नीतीश को समर्थन देने का फैसला
राबड़ी आवास पर महागठबंधन के विधायकाें की बैठक में नीतीश कुमार को समर्थन देने पर सहमति बन गई है। राबड़ी आवास से निकले कुछ नेताओं ने इसकी जानकारी दी है। कहा जा रहा है कि आरजेडी समेत सभी विधायकों के हस्ताक्षर वाला समर्थन पत्र तैयार कर लिया गया है। समर्थन पत्र नीतीश कुमार को दिया जा सकता है, जिसे लेकर वे राजयपाल से मिलने जा सकते हैं।
जेडीयू-आरजेडी में डील फाइनल होने की चर्चा
आरजेडी व जेडीयू में डील फाइनल होने की बात कही जा रही है। सूत्र बताते हैं कि तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री होंगे। उन्हें गृह विभाग भी मिलेगा। नीतीश कुमार महागठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री बनेंगे।
सियासी हलचल के बीच राजभवन पर नजर, 12 बजे लिया गया समय
मुख्यमंत्री आवास से लेकर राबड़ी आवास तक नेताओं का आना-जाना लगा हुआ है। इस बीच बड़ी खबर यह आ रही है कि दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री राजभवन जा सकते हैं। इसके लिए राजभवन से समय लिया गया है। हालांकि, इस बाबत राजभवन ने समय लिए जाने से इनकार किया है। मीडिया के साथ जेडीयू-आरजेडी नेताओं और समर्थकों के जत्थे दोनों जगह पसरे हुए हैं।
नीतीश कुमार को कांग्रेस के साथ हम व माले का भी समर्थन
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को समर्थन देने की घोषणा की है। नीतीश कुमार अगर बीजेपी से गठबंधन तोड़ लेते हैं तो कांग्रेस के साथ भाकपा माले, माकपा और हम ने भी उन्हें समर्थन देने की घोषणा की है।
आज 12 बजे राज्यपाल से मिलने जाएंगे सीएम नीतीश
जेडीयू संसदीय दल के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने बैठक में कुछ बड़ा होने का संकेत दिया है। इस बीच चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 12 बजे का समय राज्यपाल से मिलने के लिए लिया है। हालांकि,राजभवन कार्यालय ने मुख्यमंत्री द्वारा मुलाकात का समय मांगे जाने से इनकार किया है।
कांग्रेस विधायक ने कहा-सीएम नीतीश कुमार ही रहेंगे
कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने कहा है कि सीएम के चेहरा नीतीश कुमार ही रहेंगे।
पटना में मुख्यमंत्री आवास पर जेडीयू की अहम बैठक शुरू
पटना में मुख्यमंत्री आवास पर जेडीयू की अहम बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हैं। मुख्यमंत्री आवास के बाहर समर्थकों व मीडिया की भारी भीड़ जमा है। सबों को बैठक के बाद मुख्यमंत्री क्या बोलते हैं, इसका इंतजार है।
कोरोना पाजिटिव से नेगेटिव हुए स्पीकर
बिहार विधानसभा के स्पीकर विजय कुमार सिन्हा कोरोना पाजिटिव पाए गए थे। हालांकि, एक-दो दिन में ही वे कोरोना पाजिटिव से हुए नेगेटिव हो गए। विजय कुमार सिन्हा ने इसकी जानकारी दी है। ताजा राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए स्पीकर अब अपनी भूमिका निभाने में सक्षम दिख रहे हैं।
सीएम नीतीश ने बीजेपी को पहले भी दिए हैं झटके
जेडीयू व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी को पहले भी झटके देते रहे हैं। साल 2002 में गुजरात के गोधरा कांड के लिए नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार बताया था। जून 2010 में नरेंद्र मोदी बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने बिहार आए थे। उस वक्त नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई बड़े नेताओं को दिया गया डिनर रद कर दिया था। साल 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने अपने 17 साल पुरानी दोस्ती को तोड़ आरजेडी से हाथ मिला लिया था।
लगातार दूसरे दिन होगी कांग्रेस की बैठक
कांग्रेस की एक अहम बैठक आज भी होगी। प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास इसमें शामिल होंगे। बैठक में बिहार की राजनीतिक स्थिति पर मंथन किया जाएगा।
बर्खास्त होने के पहले इस्तीफा दे सकते हैं बीजेपी कोटे के मंत्री
एनडीए की सरकार गिरने की आशंका के बीच बीजेपी मौन है। इस बीच बड़ी खबर यह है कि अगर सरकार संकट में आता है तो बीजेपी कोटे के मंत्री बर्खास्तगी के पहले ही इस्तीफा दे सकते हैं।
आरजडी की बैठक में हुई विधायकाें की गिनती
बिहार के राजनीतिक हालात पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय जनता दल के विधायकाें की बैठक भी जारी है। बताया जा रहा है कि वहां विधायकों की गिनती भी की गई है। बैठक में विधायकाकें की गिनती से पूरा मामला स्पष्ट है। आरजेडी एनडीए सरकार गिरने की स्थिति में नई सरकार के लिए संख्याबल पर विधार कर रहा है।
बीजेपी छोड़ने पर नीतीश को समर्थन देगी कांग्रेस
कांग्रेस ने बीजेपी का साथ छोड़ने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। कांग्रेस के अनुसार नीतीश कुमार की सशक्त छवि है। वे महागठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री बने रह सकते हैं।
जेडीयू की बैठक में एनडीए सरकार के भविष्य का फैसला होने की उम्मीद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में जेडीयू सांसदों व विधायकों की बैठक पूर्वाह्न 11 बजे से होने वाली है। इसमें मुख्यमंत्री वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा करेंगे। बैठक में एनडीए सरकार के भविष्य का फैसला हो जाने की उम्मीद है।