विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार छात्र आंदोलन: आमरण अनशन के 19वें दिन बिगड़ी कुमुद पटेल की हालत, लगातार गिर रहा बीपी

Published: Sun, 23 Aug 2026 11:59 PM (GMT+05:30)

पटना में सहायक प्राध्यापक बहाली की मांगों को लेकर 19वें दिन भी आंदोलन जारी है, जिसमें कुमुद पटेल का आमरण अनशन स्वास्थ्य बिगड़ने के बावजूद जारी है। 

अनशनकारी कुमुद पटेल का स्वास्थ्य जांच करते स्वास्थ्य कर्मी। (जागरण)

अनशनकारी कुमुद पटेल का स्वास्थ्य जांच करते स्वास्थ्य कर्मी। (जागरण)

HighLights

  1. कुमुद पटेल का 19वें दिन भी आमरण अनशन जारी।

  2. स्वास्थ्य बिगड़ा, बीपी 100/60, डॉक्टरों ने स्लायंस चढ़ाने की सलाह दी।

  3. सहायक प्राध्यापक बहाली में यूजीसी रेगुलेशन 2018 लागू करने की मांग।

जागरण संवाददाता, पटना। सहायक प्राध्यापक बहाली में यूजीसी रेगुलेशन 2018 के टेबल थ्री 3ए को लागू करने, अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष करने, बिहार में प्रभावी डोमिसाइल नीति लागू करने, विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक बहाली को स्थाई एवं नियमित करने तथा वर्षों से कार्यरत अतिथि सहायक प्राध्यापकों को सेवा संरक्षण देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आल पीएचडी होल्डर्स एंड रिसर्च स्कालर्स एसोसिएशन आफ बिहार का 19वें दिन भी गर्दनीबाग, पटना में आंदोलन जारी है।

कुमुद पटेल लगातार आमरण अनशन पर डटे हुए हैं। लंबे समय से जारी अनशन के कारण उनकी स्वास्थ्य स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है।

रविवार को उनका बीपी 100/ 60 तक पहुंच गया। चिकित्सकों ने उनको सोमवार को स्लायंस चढ़ाने की सलाह दी। इसके बावजूद उन्होंने युवाओं, शोधार्थियों और अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कुमुद पटेल ने सरकार पर आंदोलन की मांगों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। सरकार गूंगी और बहरी हो गई है। उन्होंने कहा कि शोधार्थियों और युवाओं की न्यायोचित मांगों को लंबे समय से उठाया जा रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि युवाओं में सरकार की नीतियों को लेकर व्यापक आक्रोश है। ईधर, विभिन्न विश्वविद्यालयों से पीएचडीधारी आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी मांगें किसी व्यक्ति विशेष के हित से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि बिहार की उच्च शिक्षा व्यवस्था, विश्वविद्यालयों में नियुक्ति प्रक्रिया और हजारों युवाओं के भविष्य से संबंधित हैं।

उनका कहना है कि सरकार को टकराव के बजाय संवाद का रास्ता अपनाकर मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

प्रमुख मांग 

  • सहायक प्राध्यापक बहाली में यूजीसी रेगुलेशन 2018 के टेबल थ्री ए को लागू करना।
  • सहायक प्राध्यापक अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष करना।
  • बिहार के विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक बहाली को स्थायी एवं नियमित करना।
  • सहायक प्राध्यापक नियुक्ति में प्रभावी डोमिसाइल नीति लागू करना।
  • बिहार के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की स्वायत्तता का हनन बंद करना।
  • नियमित सहायक प्राध्यापक नियुक्ति से पहले विश्वविद्यालयों में वर्षों से कार्यरत अतिथि सहायक प्राध्यापकों को सेवा संरक्षण सेवा समंजन प्रदान करना।

यह भी पढ़ें- कौन हैं कुमुद पटेल? पटना में 19 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे PhD धारक, कहा जा रहा दूसरा सोनम वांगचुक

यूजीसी रेगुलेशन 20218, टेबल थ्री ए को लागू किया जाना चाहिए। नए नियम से हजारों पीएचडी योग्यताधारी सहायक प्राध्यापक बनने से वंचित हो जाएंगे। जब तक नियमावली में बदलाव नहीं किया जाएगा आंदोलन जारी रहेगा।

-

मोनू कमार , वीर कुंवर विश्वविद्यालय

पुराने नियमावली में उम्र की सीमा नहीं थी। अब सहायक प्राध्यापक बनने के लिए उम्र सीमा 43 वर्ष कर दी गई है। जब राजनेता 58 साल में प्राध्यापक बन सकते हैं हम क्यों नहीं।

-

स्वामी नाथ राम, जेपी विश्वविद्यालय

सरकार को मांगों सहायक प्राध्यापकों की मांगों पर विचार करना होगा। राज्य भर से इस आंदोलन में पीएचडी योग्यताधारी आना शुरू कर दिए हैं। इस आंदोलन को बड़ा किया जाएगा।

-

नितेश कुमार, पीपीयू

विश्वविद्यालयों सहायक प्राध्यापक की बहाली में नियमावली में बदलाव करना गलत है। नए नियम से हजारों पीएचडी योग्यताधारी सहायक प्राध्यापक बनने से वंचित हो रहे हैं। राज्य के भर के पीएचडी होल्डर इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं।

-

आशीष कुमार, जेपी विश्वविद्यालय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।