Kaju Katli Recipe: इस दीवाली बाजार से नहीं, घर पर बनाएं शुद्ध काजू कतली, स्वाद ऐसा कि मेहमान भी मांगेंगे रेसिपी
यह लेख दीवाली पर घर पर शुद्ध और स्वादिष्ट काजू कतली बनाने की विधि बताता है, जिससे बाजार की मिलावट ...और पढ़ें

चांदी का वर्क लगाकर दें बाजार जैसा लुक
HighLights
बाजार की मिलावट से बचने के लिए घर पर बनाएं काजू कतली।
पटना की अनामिका ने साझा की हलवाई जैसी काजू कतली रेसिपी।
सामग्री, चाशनी और बेलने की विधि का विस्तृत वर्णन।
सोनाली दूबे, पटना। दीवाली का त्योहार हो और मिठाइयों की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है। त्योहार के मौके पर काजू कतली की मांग सबसे ज्यादा रहती है। चांदी के वर्क से सजी यह मिठाई बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है। हालांकि, बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट की आशंका के चलते कई लोग इन्हें खरीदने से बचते हैं। ऐसे में घर पर शुद्ध और स्वादिष्ट काजू कतली बनाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
पटना के राजीवनगर की रहने वाली अनामिका ने घर पर हलवाई जैसी काजू कतली बनाने की आसान रेसिपी साझा की है। उनका कहना है कि इसे बनाने के लिए न तो किसी खास मशीन की जरूरत है और न ही बहुत ज्यादा सामग्री की। बस काजू, चीनी और कुछ जरूरी चीजों की मदद से आप घर पर ही स्वादिष्ट मिठाई तैयार कर सकते हैं।
काजू कतली बनाने के लिए जुटा लें ये सामग्री
घर पर काजू कतली तैयार करने के लिए सबसे पहले सभी सामग्रियों को एक जगह रख लें। सही मात्रा में सामग्री लेने से मिठाई का स्वाद और बनावट दोनों बेहतर रहते हैं।
- काजू – 300 ग्राम
- चीनी – 300 ग्राम
- पानी – 150 मिलीलीटर
- घी – 1 बड़ा चम्मच
- इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- चांदी का वर्क – जरूरत के अनुसार
काजू को पीसकर तैयार करें बारीक पाउडर
सबसे पहले काजू को मिक्सर जार में डालकर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पीसें। ध्यान रखें कि मिक्सर को लगातार न चलाएं। बीच-बीच में रोककर चलाने से काजू का तेल बाहर नहीं निकलता और उसका पाउडर सूखा बना रहता है।
काजू को इतना बारीक पीसें कि उसमें मोटे टुकड़े न बचें। इसके बाद पाउडर को बारीक छलनी से छान लें। इससे काजू कतली की बनावट एकदम चिकनी और बाजार जैसी बनेगी।
चीनी की चाशनी तैयार करना है सबसे जरूरी
अब गैस पर एक कड़ाही या पैन रखें। इसमें 300 ग्राम चीनी और 150 मिलीलीटर पानी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। चीनी पूरी तरह घुलने तक इसे चलाते रहें।
जब चाशनी में उबाल आने लगे तो इसे लगभग 1-2 मिनट तक पकाएं। अब चाशनी की एक तार की स्थिरता जांचें। इसके लिए थोड़ी चाशनी अंगूठे और उंगली के बीच लेकर देखें। एक तार बनने लगे तो समझिए चाशनी तैयार है।
चाशनी में मिलाएं काजू का पाउडर
एक तार की चाशनी तैयार होने के बाद इसमें एक बड़ा चम्मच घी डालकर अच्छी तरह मिला दें। अब धीरे-धीरे काजू का पाउडर डालें और लगातार चलाते रहें।
ध्यान रखें कि मिश्रण में गांठें नहीं पड़नी चाहिए। इसके बाद इसमें आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर मिला सकते हैं। धीमी आंच पर लगभग 2-3 मिनट तक मिश्रण को पकाएं। जब यह गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे तो गैस बंद कर दें।
ऐसे पहचानें कि मिश्रण तैयार हुआ या नहीं
काजू कतली का स्वाद और बनावट इस बात पर निर्भर करती है कि मिश्रण सही तरीके से पका है या नहीं। इसकी जांच के लिए थोड़ा सा मिश्रण प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।
अब इसे उंगलियों से गोल करने की कोशिश करें। अगर मिश्रण आसानी से आकार बना रहा है और हाथों से ज्यादा चिपक नहीं रहा है तो समझिए कि यह तैयार है। अगर बहुत चिपचिपा है तो थोड़ी देर धीमी आंच पर और पकाया जा सकता है।
मिश्रण को गूंथकर बेल लें
तैयार मिश्रण को लगभग 10-15 मिनट तक हल्का ठंडा होने दें। इसके बाद हाथों में थोड़ा घी लगाकर इसे अच्छी तरह गूंथ लें। ध्यान रखें कि मिश्रण पूरी तरह ठंडा होकर सख्त न हो जाए।
अब किसी साफ प्लेटफॉर्म या बटर पेपर पर मिश्रण रखें। ऊपर से एक और बटर पेपर रखकर बेलन की मदद से मनचाही मोटाई में बेल लें। इससे काजू कतली की परत एकसार और चिकनी बनेगी।
चांदी का वर्क लगाकर दें बाजार जैसा लुक
जब मिश्रण अच्छी तरह बेल जाए तो ऊपर से चांदी का वर्क लगाएं। हल्के हाथों से वर्क को दबाएं ताकि वह कतली पर अच्छी तरह चिपक जाए। अब इसे कुछ घंटों के लिए ठंडा और सेट होने दें।
डायमंड शेप में काटकर करें तैयार
मिश्रण पूरी तरह सेट हो जाने के बाद चाकू की मदद से पहले लंबी सीधी कट लगाएं। इसके बाद तिरछे कट लगाकर डायमंड यानी हीरे के आकार की कतली तैयार कर लें।
लीजिए, घर पर ही हलवाई जैसी स्वादिष्ट काजू कतली बनकर तैयार है। इसे एयरटाइट डिब्बे में रखकर परोसें और दीवाली पर परिवार तथा मेहमानों के साथ घर की बनी शुद्ध मिठाई का आनंद लें।
यह भी पढ़ें- बाजार की मिलावटी मिठाई छोड़ें, इस दिवाली घर पर बनाएं अलसी के पौष्टिक लड्डू; सेहत के लिए रामबाण
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।