'अपने भाइयों को सचेत कर दें तेजस्वी, सम्राट सरकार माफ करने वाली नहीं'; जमुई कांड पर मांझी का बयान
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने जमुई घटना के वीडियो को सरकार को बदनाम करने की साजिश बताया और तेजस्वी यादव को अपने "भाइयों" को सचेत रहने की चेतावनी दी।

'अपने भाइयों को सचेत कर दें तेजस्वी, सम्राट सरकार माफ करने वाली नहीं'; जमुई कांड पर मांझी का बयान
HighLights
मांझी ने जमुई वीडियो को सरकार बदनाम करने की साजिश बताया।
तेजस्वी यादव को अपने "भाइयों" को सचेत रहने की चेतावनी दी।
चिराग पासवान ने बेटियों की सुरक्षा, त्वरित न्याय की मांग की।
राज्य ब्यूरो, पटना। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) ने आरोप लगाया कि सम्राट सरकार को बदनाम करने के लिए एक खास जाति के लोगों ने जमुई की घटना का वीडियो वायरल किया।
मांझी ने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि उनके ही कुछ "भाइयों" ने लड़की छेड़कर वीडियो बनाया था, ताकि हमारी सरकार को बदनाम किया जा सके।
मांझी ने आगे कहा, अब तेजस्वी यादव कहेंगे, देखिए न, सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठुकवा दिया। मैं अब भी कहूंगा कि तेजस्वी जी अपने भाइयों को सचेत कर दीजिए, नहीं तो सम्राट की सरकार किसी को माफ करने वाली नहीं है। सम्राट का सुशासन है भाई।
इसके अलावा, उन्होंने लालू-राबड़ी शासनकाल पर कटाक्ष करते हुए मीडिया में बयान भी जारी किया कि अब जंगलराज नहीं है जहां सीएम हाउस में अपराधियों के साथ डील होती थी, अब सम्राट सरकार है जो अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई करती है।
संतोष सुमन ने याद दिलाया चंपा विश्वास प्रकरण, कहा- अब वह दौर नहीं
हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने जमुई कांड पर बयानबाजी कर रहे विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले वह अपना राजनीतिक अतीत याद कर लें।
चंपा विश्वास प्रकरण की याद दिलाते हुए संतोष सुमन ने कहा कि उस दौर में एक आईएएस अधिकारी का परिवार महीनों न्याय के लिए गुहार लगाता रहा मगर कोई सुनने वाला नहीं थ्ज्ञा। बाद में तत्कालीन राज्यपाल के हस्तक्षेप से पुलिस की जांच शुरू हुई।
उन्होंने कहा कि उस दौर के लोग आज कानून-व्यवस्था पर ज्ञान दे रहे हैं। अब दोषियों पर त्वरित कार्रवाई होती है, यही सुशासन है।
चिराग ने जमुई घटना पर कहा, बेटियों की सुरक्षा से समझौता नहीं
वहीं, जमुई में छात्रा के साथ हुई घटना को लेकर लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
चिराग ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक पॉक्सो न्यायालय में कराई जाए, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधियों में कानून का भय और बेटियों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना प्राथमिकता है।
चिराग का यह बयान ऐसे समय आया है, जब जमुई की घटना को लेकर विपक्षी दल सरकार और प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। लोजपा (रामविलास) ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।
