'हर हारा हुआ पहलवान यही कहता है', नीतीश सेतु विवाद पर जीतन राम मांझी का तेजस्वी यादव पर करारा तंज
नीतीश सेतु के नामकरण विवाद पर जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला, उनके बयानों को 'हारे हुए पहलवान' जैसा बताया।
HighLights
मांझी ने तेजस्वी के बयानों को 'हारे हुए पहलवान' जैसा बताया।
पीएम मोदी बिहार में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
प्रशांत किशोर ने बिहार के विकास पर पीएम से सवाल पूछे।
डिजिटल डेस्क, पटना। नीतीश सेतु पर मचे घमासान के बीच केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव को जमकर सुनाया है।
तेजस्वी यादव के यह कहने पर कि गुरु गोविंद सिंह के नाम पर पुल होना चाहिए था, पटना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे कैसे नहीं कह रहे कि लालू प्रसाद के नाम पर पुल का नामकरण होना चाहिए।
वे जानते हैं कि उनकी बातों का कोई असर नहीं होता, इसलिए कुछ भी बोलते रहते हैं। मांझी ने नीतीश को हारा हुआ पहलवान बताया। उन्होंने कहा कि हर हारा हुआ पहलवान यही कहता है कि अब आओ दिखा देंगे। इसी तरह वे कहते हैं।
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश सीना तानकर खड़ा है। डबल इंजन की सरकार में बिहार की भी उन्नति हो रही है। विकसित भारत का 2027 का सपना साकार होगा।
पुल के लिए केंद्र से एक पैसे नहीं मिलने की बात पर उन्होंने कहा कि सरकार यह पुल बनाई है, चाहे केंद्र हो या राज्य सरकार। वैसे भी कितना पैसा लगा, कहां से मिला यह बात सम्राट चौधरी कहेंगे, तेजस्वी को कहने का कोई अधिकार नहीं है।
नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है। ऐसे में उनके नाम पर पुल होना बड़े सम्मान की बात है। प्रधानमंत्री सेतु के अलावा भी सेकड़ों योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
'जब आते हैं बिहार के लिए कुछ लाते हैं'
उन्होंने कहा कि यह बड़ी अच्छी बात है, स्वागत योग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पहल है। इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री आ रहे हैं। तो ये भी बिहार के लिए एक बड़ा शुभ दिन है कि जब-जब प्रधानमंत्री आते हैं तब वह बिहार के लिए कुछ लेकर आते हैं और आज यहां पर सिर्फ सेतु ही नहीं उसके अलावा और भी करीब 100-150 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
बिहार पहले वाला बीमार बीमारू राज्य नहीं है। यह आगे बढ़ा है और निवेशक लोग भी आ रहे हैं, लाखों लाख करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में और सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में यह विकास की धारा बह रही है और इसी से प्रभावित होकर के प्रधानमंत्री ने यहां आने का कार्यक्रम बनाया उसका हम लोग स्वागत करते हैं।
'पीएम का स्वागत है'
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पीएम का पाटलिपुत्र की धरती पर स्वागत है। नीतीश सेतु का लोकार्पण करने पीएम आ रहे हैं। वह एक ऐसा सेतु हो जाएगा जो आर्थिक गतिविधियों और यातायात को नया आयाम देगा।
गांधी जी, राजेंद्र बाबू, जेपी और नीतीश कुमार के नाम पर गंगा पर चार पुल हो गए। नरेन्द्र मोदी 140 करोड़ जनता के प्रधानमंत्री हैं। यह पुल पूरी तरह नीतीश कुमार का योगदान है।
विजय सिन्हा ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर उत्साहित हैं। NDA सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री का बिहार के प्रति स्नेह और विकास का संकल्प पूरा होता दिखाई दे रहा है।
प्रशांत किशोर ने पीएम से पूछा सवाल
बिहार आगमन से पहले जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने पीएम नरेंद्र मोदी से पूछा है कि 12 सालों में बिहार दूसरे राज्यों की मुकाबले पीछे क्यों छूट रहा है? प्रति व्यक्ति आय, जीडीपी दर पर कैपिटा, बिहार की जीडीपी का देश के जीडीपी में योगदान या पढ़ाई का मामला, पीएम मोदी बताएं कि दूसरे राज्यों के मुकाबले बिहार कब खड़ा होगा? पलायन कब बंद होगा? यहां बाढ़ से राहत कब मिलेगी?
निशांत ने पीएम का किया धन्यवाद
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर निशांत कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि बिहार के विकास में नीतीश कुमार की भूमिका को सम्मान दिया गया है। इससे बिहार के विकास को गति मिलेगी।
'तेजस्वी को सवाल पूछने का अधिकार नहीं'
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव के बयान पर कहा कि तेजस्वी यादव को सवाल खड़ा करने का अधिकार ही नहीं है। आज तक उन्होंने बिहार के लिए कुछ नहीं किया है। लालू यादव और राबड़ी देवी 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने अपने क्षेत्र राघोपुर के लिए तो कुछ काम ही नहीं किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।