'भारत में मोदी-शाह जैसे शेर, कॉकरोच और झींगुरों से नहीं डरते', CJP प्रोटेस्ट पर जीतन राम मांझी ने साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के आंदोलन पर कड़ा प्रहार किया है।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी। (फाइल फोटो)
HighLights
मांझी ने CJP प्रदर्शनकारियों को 'तिलचट्टा' और 'झिंगुर' कहा।
कहा, मोदी-शाह जैसे नेता ऐसे आंदोलनों से नहीं डरते।
CJP ने जंतर-मंतर पर CEC के इस्तीफे की मांग की।
डिजिटल डेस्क, पटना। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री और हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतनराम मांझी ने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन पर बड़ा हमला बोला है।
मांझी ने प्रदर्शनकारियों को 'तिलचट्टा' और 'झिंगुर' करार देते हुए कहा कि भारत की पवित्र धरती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे निडर नेताओं को जन्म दिया है, जो ऐसे आंदोलनों से विचलित होने वाले नहीं हैं।
एक्स पर किया पोस्ट
एक्स पर पोस्ट करते हुए जीतन राम मांझी ने लिखा कि भारत भूमि शेरों की धरती है। भारत माता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह जैसे शेर पैदा किएं हैं जो ना कॉक्रोच से डरतें हैं ना ही झींगुरों से।

उन्होंने आगे लिखा कि हमें पता है कि तेलचट्टों ओर झींगुरों से कैसे निपटना है। अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने 'भारत माता की जय', 'संविधान जिंदाबाद' और 'लोकतंत्र जिंदाबाद' के नारे भी लगाए।
जंतर-मंतर पर कॉकरोचों ने किया आंदोलन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया पर असंतोष व्यक्त करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की घोषणा की थी।
आंदोलन के आह्वान को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने नई दिल्ली क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। इलाके को पूरी तरह पुलिस छावनी में बदल दिया गया, मेट्रो सेवाओं को आंशिक रूप से रोक दिया गया और दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को रद करना पड़ा।
प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने सीजेपी संयोजक अभिजीत दीपके और कई शीर्ष नेताओं सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। वे सभी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहे हैं।
यह भी पढ़ें- 4 दिनों में जीतन राम मांझी का दूसरा जन्मदिन, पीएम-सीएम ने भी दी बधाई
