विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar MLC Election: JDU विधायक अनंत सिंह के खिलाफ एक्शन की तैयारी, नीतीश कुमार के नाम का सहारा भी छिना 

Published: Sun, 04 Oct 2026 02:03 PM (IST)

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जदयू विधायक अनंत सिंह, पार्टी प्रत्याशी नीरज के खिलाफ सक्रिय हैं, जिस पर जदयू उन्हें घेरने की कोशिश कर रहा है।

JDU vs Anant Singh। फाइल फोटो

JDU vs Anant Singh। फाइल फोटो

HighLights

  1. जदयू विधायक अनंत सिंह पार्टी प्रत्याशी नीरज के खिलाफ सक्रिय।

  2. नीतीश कुमार ने नीरज को चुनाव लड़ने का प्रपत्र दिया।

  3. जदयू अनंत सिंह पर अनुशासनहीनता की कार्रवाई कर सकता है।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधान परिषद के लिए पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जदयू विधान पार्षद नीरज के खिलाफ सक्रिय और बागी बने जदयू विधायक अनंत सिंह को घेरने के लिए जदयू तथ्यों को सार्वजनिक कर रहा। वहीं, अनंत ने यह कहा है कि अगर इस बारे में नीतीश कुमार उनसे कुछ कहते, तो वह मान जाते।

जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने पिछले दिनों इस विवाद पर कहा था कि इसे सुलझाने का जिम्मा केंद्रीय मंत्री व जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को दिया गया है।

ललन सिंह इस प्रकरण में पंच की भूमिका में खुद की सहभागिता से सार्वजनिक तौर पर इनकार कर चुके हैं। वहीं, अनंत का नया बयान यह है कि इस बारे में उनकी ललन सिंह से कोई बात नहीं हुई है।

जिस समय पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू ने अपने प्रत्याशी की घोषणा भी नहीं की थी, उसी समय अनंत ने कहा था कि वह नीरज को हराएंगे, यह चुनाव पार्टी के सिंबल पर नहीं होता है।

वह खुलकर जनसुराज प्रत्याशी के नामांकन को निकले जुलूस में शामिल हुए और जनसंपर्क भी जोरदार तरीके से कर रहे।

नीतीश कुमार के साथ नीरज 

एक दिन पहले जदयू ने इस प्रकरण को नया एंगल दे दिया। नीतीश कुमार ने जदयू प्रत्याशी नीरज को पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने का प्रपत्र दे दिया।

यह तस्वीर जारी की गयी। जदयू अब अनंत को इस प्रपत्र के माध्यम से घेरना आरंभ किया है। यह कहा जा रहा कि अब ताे नीतीश कुमार की स्वीकृति सार्वजनिक है।

ऐसे में जदयू प्रत्याशी का विरोध करना पार्टी विरोधी गतिविधि में आएगा। अनंत सिंह नीतीश कुमार की बात कर रहे। इस पर जदयू नेताओं का कहना है कि नीतीश कुमार ने खुद नीरज को प्रपत्र दिया है।

इस पूरे प्रकरण में मोकामा के जदयू विधायक अपने स्टैंड पर अडिग हैं। ऐसे में यह तय है कि एक-दो दिनों के भीतर इस मसले पर मोकामा विधायक को जदयू की अनुशासन कमेटी तलब कर सकती है।

वैसे मोकामा विधायक पहले ही सार्वजनिक रूप से यह कह चुके हैं कि अगला विधानसभा चुनाव वह नहीं लड़ेंगे। उनकी जगह उनके पुत्र मैदान में होंगे।

यह भी पढ़ें- 'पार्टी रहे चाहे जाए, नीरज सिंह को हराएंगे', अनंत सिंह ने दिखाए बागी तेवर; नीतीश संग मुलाकात का खोला राज

यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election: अनंत सिंह ने नवादा में घूम-घूम कर मांगे वोट, अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार