JDU ने तय किए MLC प्रत्याशियों के नाम! नीरज समेत 4 की चर्चा; आधिकारिक घोषणा बाकी
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जदयू ने अपने संभावित प्रत्याशियों के नाम लगभग तय कर लिए हैं, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।

नीतीश की पार्टी के एमएलसी उम्मीदवारों के नाम की चर्चा। फाइल
HighLights
जदयू ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशी तय किए।
पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत से अभिषेक झा के नाम।
सारण शिक्षक से पुष्कर आनंद, दरभंगा से दिलीप चौधरी पर मंथन।
डिजिटल डेस्क, पटना। विधान परिषद चुनाव को लेकर बिहार में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। राजद की ओर से छह प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के बाद अब सभी की नजरें जदयू पर टिक गई हैं।
पार्टी की ओर से प्रत्याशियों के नामों की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन चर्चा के अनुसार चार सीटों पर नाम लगभग तय माने जा रहे हैं।
चर्चा के मुताबिक, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है। वहीं, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा का नाम संभावित प्रत्याशी के रूप में सामने आ रहा है।
इसके अलावा सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पुष्कर आनंद को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दिलीप चौधरी समेत कई नामों पर मंथन चलने की जानकारी सामने आ रही है।
पटना स्नातक से नीरज कुमार का नाम चर्चा में
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर जदयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार का नाम सबसे प्रमुखता से सामने आया है। सूत्रों के अनुसार पार्टी इस सीट पर उन्हें उम्मीदवार बनाने की तैयारी में है।
नीरज कुमार जदयू के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। हालांकि, पार्टी विधायक अनंत सिंह के तेवर को देखते हुए इस सीट से उनका मैदान में उतरना चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना सकता है।
तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा की चर्चा
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा है। चर्चा के अनुसार पार्टी ने इस नाम पर सहमति बना ली है।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पुष्कर आनंद का नाम चर्चा में है। पार्टी स्तर पर इस नाम को लेकर सहमति बनने की बात कही जा रही है।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। सूत्रों के मुताबिक दिलीप चौधरी समेत कई नामों पर विचार चल रहा है। दिलीप चौधरी पूर्व में भी विधान पार्षद रह चुके हैं।
किसी भी समय जारी हो सकती है सूची
राजद द्वारा छह प्रत्याशियों की घोषणा के बाद जदयू की सूची को लेकर राजनीतिक उत्सुकता और बढ़ गई है। सूत्रों का दावा है कि संभावित प्रत्याशियों के नामों पर शीर्ष स्तर पर मंथन पूरा हो चुका है और अब औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
हालांकि, जदयू की ओर से अभी संभावित प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में अंतिम सूची जारी होने तक किसी नाम में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव के लिए RJD ने खोले पत्ते, 6 सीटों पर उम्मीदवार तय; इन चेहरों पर खेला दांव
यह भी पढ़ें- RJD के 6 प्रत्याशियों के एलान के बाद रोहिणी आचार्य का फूटा गुस्सा, बोलीं- अवसरवादियों को दी गई प्राथमिकता
