नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने पर मेदांता पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, अनंत सिंह ने बीमारी को बताया ड्रामा
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार हृदय संबंधी परेशानी के चलते मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना।

मेदांता में नीरज कुमार का हाल जानते सीएम सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी। सौ-एक्स
HighLights
जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार हृदय संबंधी परेशानी से अस्पताल में
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मेदांता अस्पताल में नीरज का हाल जाना
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बीमारी को चुनावी बहाना बताया
डिजिटल डेस्क, पटना। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार की चुनाव से पहले अचानक तबीयत बिगड़ गई।
हृदय संबंधी परेशानी के बाद उन्हें पटना स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार शाम अस्पताल पहुंचे।
उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी अपने एक्स हैंडल पर साझा करते हुए नीरज कुमार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद रहे। जदयू के अन्य नेता भी अस्पताल पहुंचकर नीरज कुमार का हालचाल लेते रहे।
अनंत सिंह ने बीमारी को बताया बहाना
नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह के बयान से राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। उन्होंने नीरज कुमार की तबीयत खराब होने को ड्रामा बताते हुए दावा किया कि यह उनकी पुरानी आदत है।
अनंत सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार का समर्थन कर रहे हैं। वह उनके पक्ष में चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं।
ऐसे में चुनाव से ठीक पहले नीरज कुमार की तबीयत और उस पर अनंत सिंह की टिप्पणी ने चुनावी माहौल को और चर्चा में ला दिया है।
23 अक्टूबर को होना है मतदान
बिहार में पटना सहित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होना है।
चुनाव से पहले प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ी हुई है। ऐसे समय में प्रमुख प्रत्याशी की तबीयत बिगड़ने और उस पर राजनीतिक बयानबाजी से चुनावी सरगर्मी के बीच यह मामला चर्चा में है।
यह भी पढ़ें- 'सब दिन का नियम है...' जदयू के MLC प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत पर MLA अनंत सिंह का तंज
