विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'घटना कहां नहीं होती है? अमेरिका-जापान में भी होती है', जमुई-समस्तीपुर कांड पर अशोक चौधरी का बड़ा बयान

Published: Thu, 24 Sep 2026 04:49 PM (IST)

मंत्री अशोक चौधरी ने जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं पर सरकार का बचाव करते हुए कहा कि अपराध हर जगह ...और पढ़ें

अशोक चौधरी

अशोक चौधरी

HighLights

  1. मंत्री अशोक चौधरी ने जमुई-समस्तीपुर घटनाओं पर सरकार का बचाव किया।

  2. कहा, अपराध हर जगह होते हैं, कार्रवाई की गति महत्वपूर्ण है।

  3. शांभवी चौधरी ने महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में महिलाओं के खिलाफ सामने आईं जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं को लेकर सियासी बहस के बीच मंत्री अशोक चौधरी ने सरकार की कार्रवाई का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश का राष्ट्रपति यह दावा नहीं कर सकता कि उसके यहां कोई आपराधिक घटना नहीं होगी। उनके मुताबिक, असली सवाल यह है कि घटना के बाद सरकार और प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं।

'कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई'

अशोक चौधरी ने कहा कि बिहार में कानून का राज कायम है और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होगी। मंत्री ने हाल की घटनाओं में पुलिस की कार्रवाई का भी जिक्र किया।

जमुई-समस्तीपुर में कार्रवाई का दिया हवाला

मंत्री के अनुसार, जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं में प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने कहा कि सरकार के लिए केवल यह मायने नहीं रखता कि कोई घटना हुई, बल्कि यह भी महत्वपूर्ण है कि उसके बाद प्रशासन की प्रतिक्रिया क्या रही। उन्होंने कहा कि सरकार का इकबाल कायम है और अपराधियों को संरक्षण नहीं मिलेगा।

शांभवी चौधरी ने भी जताई नाराजगी

समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी ने भी घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं द्वारा किसी युवती को परेशान करने के बाद उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं करने की बात कही।

सख्त सजा की मांग, कानून के डर पर जोर

शांभवी चौधरी ने कहा कि ऐसे मामलों में आरोपियों को उनके किए की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कड़ी सजा की जरूरत बताते हुए कहा कि कानून का भय अपराध रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई का भी उल्लेख किया।

बयान के बीच महिला सुरक्षा बनी मुख्य चर्चा

जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं के बाद बिहार में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई है।

एक ओर सरकार की ओर से त्वरित कार्रवाई और कानून का राज कायम होने की बात कही जा रही है, वहीं विपक्षी नेताओं की ओर से सरकार से जवाब मांगा जा रहा है। ऐसे में इन मामलों में आगे की पुलिस और कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- जमुई के बाद अब समस्तीपुर में सरेराह युवती से बदसलूकी, फोटो लेने रुकी लड़की के साथ मनचलों ने किया बैड 'टच'

यह भी पढ़ें- जमुई बैड टच कांड के आरोपित नंदन व हरेराम पर पुलिस का बड़ा एक्शन; बालू और शराब तस्करी की कुंडली खंगाल रही पुलिस