विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IndiGo Flight में 17 हजार फीट पर विमान के हिचकोले से मची चीख, LJP नेता राजेश ने बताया- नीचे गिरा तो लगा अब नहीं बचेंगे

By syed naqui imamEdited By: Radha Krishna
Published: Thu, 08 Oct 2026 12:12 PM (IST)

पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6925 में 17 हजार फीट की ऊंचाई पर अचानक तेज झटके लगने ...और पढ़ें

फ्लाइट संख्या 6925 में सवार लोजपा के वरिष्ठ नेता राजेश कुमार भट्ट

फ्लाइट संख्या 6925 में सवार लोजपा के वरिष्ठ नेता राजेश कुमार भट्ट 

HighLights

  1. पटना-लखनऊ इंडिगो फ्लाइट में 17 हजार फीट पर तेज झटके।

  2. यात्रियों में दहशत, विमान के नीचे गिरने का हुआ एहसास।

  3. लोजपा नेता राजेश भट्ट ने बताया खौफनाक मंजर, सुरक्षित लैंडिंग।

जागरण संवाददाता, पटना। अचानक लगा कि विमान नीचे गिर रहा है... अंदर चीख-पुकार मच गई। कोई रो रहा था तो कोई भगवान को याद कर रहा था। लगा अब कोई सुरक्षित नहीं बचेगा। पटना से लखनऊ जा रही फ्लाइट संख्या 6925 में सवार लोजपा के वरिष्ठ नेता राजेश कुमार भट्ट ने दो दिन पहले के उस खौफनाक मंजर को याद किया तो यात्रियों के डर की तस्वीर सामने आ गई।

17 हजार फीट ऊपर अचानक शुरू हुए तेज झटके

स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि में शामिल होने लखनऊ जा रहे राजेश कुमार भट्ट ने बताया कि पटना से उड़ान भरने के बाद सब कुछ सामान्य था। विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर प्रयागराज के आसपास पहुंचा था, तभी अचानक तेज झटके लगने शुरू हो गए।

तीन-चार बार ऊपर-नीचे हिचकोले खाने लगा विमान

उन्होंने बताया कि विमान तीन-चार बार जोर से ऊपर-नीचे और दाएं-बाएं हिचकोले खाने लगा। कुछ ही पलों में विमान करीब दो से तीन हजार फीट नीचे आ गया। अचानक ऊंचाई कम होने से यात्रियों में घबराहट फैल गई। सभी को लगा कि विमान अब संभल नहीं पाएगा।

किसी ने भगवान को पुकारा, कोई रोने लगा

राजेश कुमार भट्ट के अनुसार, बाद में पता चला कि विमान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया था। उस समय विमान के अंदर का माहौल बेहद भयावह था। कोई रो रहा था, कोई चिल्ला रहा था और कई यात्री भगवान को याद कर रहे थे। हर किसी के चेहरे पर डर साफ दिखाई दे रहा था।

लखनऊ तक नहीं कम हुई यात्रियों की बेचैनी

उन्होंने बताया कि विमान के लखनऊ पहुंचने और सुरक्षित लैंड करने तक यात्रियों की बेचैनी कम नहीं हुई। हर कोई बस सुरक्षित जमीन पर उतरने का इंतजार कर रहा था। विमान के जमीन पर उतरते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली।

“जमीन पर पैर रखते ही लगा, भगवान ने पुनर्जन्म दिया”

राजेश कुमार भट्ट ने कहा कि विमान से उतरने के बाद ऐसा लगा जैसे भगवान ने उनका पुनर्जन्म कर दिया हो। उन्होंने बताया कि विमान के अंदर का मंजर ऐसा था कि लगा अब कोई नहीं बचेगा। सुरक्षित जमीन पर पैर रखते ही उन्होंने भगवान का शुक्र अदा किया।

यह भी पढ़ें- 17000 फीट पर Indigo Flight पर गिरी थी बिजली, Patna से अहमदाबाद जा रहे विमान की पिचकी नोज ने चौंकाया