विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली बाद ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं, पटना जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़; कोच में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की

Published: Mon, 09 Nov 2026 09:42 PM (IST)

दीपावली के बाद ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे पटना जंक्शन पर व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। ...और पढ़ें

प्लेटफॉर्म पर भीड़, कोच में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की

प्लेटफॉर्म पर भीड़, कोच में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की

HighLights

  1. दीपावली के बाद ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़।

  2. पटना जंक्शन पर सीट के लिए धक्का-मुक्की जारी।

  3. छठ के बाद भी ट्रेनों में भीड़ बढ़ने की संभावना।

जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली का त्योहार खत्म होते ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बेकाबू होने लगी है। कोई नौकरी पर लौटने के लिए ट्रेन पकड़ रहा है तो कोई पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे शहर जा रहा है। दूसरी ओर, छठ महापर्व में शामिल होने के लिए बिहार आने वाले यात्रियों की आवाजाही भी जारी है। दोनों तरफ से बढ़े यात्री दबाव ने रेलवे की व्यवस्थाओं की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है।

सोमवार को पटना जंक्शन से गुजरने वाली अधिकांश नियमित ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ रही। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, सूरत और अहमदाबाद जाने वाली ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोच पूरी तरह भरे नजर आए। कई यात्री दरवाजे पर लटककर तो कुछ खड़े होकर सफर करने को मजबूर दिखे।

प्लेटफॉर्म पर भीड़, कोच में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की

पटना जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक से दस तक यात्रियों का दबाव बना रहा। संपूर्ण क्रांति, विक्रमशिला, राजधानी, श्रमजीवी, मगध और दानापुर-आनंद विहार एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही।

ट्रेन पहुंचते ही सीट पाने की उम्मीद में यात्री दरवाजों पर जुट गए। जनरल और स्लीपर कोच में पहले से ही यात्रियों की भीड़ होने के कारण कई लोगों को चढ़ने तक की जगह नहीं मिली। ऐसे में कुछ यात्रियों को अगली ट्रेन का इंतजार करना पड़ा, जबकि कई लोग किसी तरह खड़े होकर सफर करने को मजबूर हुए।

कंफर्म टिकट के लिए परेशान यात्री, तत्काल में भी मारामारी

त्योहारी सीजन में कंफर्म टिकट मिलना यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। लंबी दूरी की ट्रेनों में वेटिंग टिकट का दबाव है तो तत्काल टिकट के लिए भी मारामारी की स्थिति बनी हुई है।

सीट नहीं मिलने पर कई यात्री जनरल टिकट लेकर सफर कर रहे हैं। नौकरी और पढ़ाई के लिए लौट रहे यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने की चिंता सता रही है। खासकर उन यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है, जिन्हें तय समय पर काम या कालेज पहुंचना है।

पटना समेत प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त जवान तैनात

यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र और दानापुर स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।

भीड़ को प्लेटफॉर्म पर फैलने से रोकने के लिए होल्डिंग एरिया का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। रेलवे की ओर से छठ तक विशेष ट्रेनों का परिचालन जारी रखने की बात कही गई है।

छठ के बाद फिर बढ़ेगा ट्रेनों पर दबाव

फिलहाल दीपावली के बाद दूसरे प्रदेशों में लौटने वालों और छठ के लिए बिहार आने वालों की भीड़ एक साथ दिख रही है। छठ महापर्व समाप्त होने के बाद बिहार से दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद और अन्य शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की एक और बड़ी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता और भीड़ प्रबंधन रेलवे के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।

यह भी पढ़ें- छठ पर मुजफ्फरपुर से अहमदाबाद के लिए चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन, 10 नवंबर को होगी रवाना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।