विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डेटिंग ऐप पर प्यार, ट्रेडिंग का झांसा और 4.32 करोड़ की ठगी; पटना में हरियाणा पुलिस ने दबोचे 2 नटवरलाल

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:41 PM (IST)

हरियाणा पुलिस ने पटना में छापेमारी कर डेटिंग ऐप के जरिए 4.32 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में दो ...और पढ़ें

हरियाणा पुलिस की पटना में छापामारी, डॉक्टर से 4.32 करोड़ की ठगी में दो गिरफ्तार (AI Generated Image)

हरियाणा पुलिस की पटना में छापामारी, डॉक्टर से 4.32 करोड़ की ठगी में दो गिरफ्तार (AI Generated Image)

HighLights

  1. हरियाणा पुलिस ने पटना में दो ठगों को गिरफ्तार किया।

  2. डेटिंग ऐप के ज़रिए डॉक्टर से 4.32 करोड़ की ठगी।

  3. शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर फंसाया गया।

जागरण संवाददाता, पटना। डेटिंग ऐप के जरिए निजी डॉक्टर को जाल में फंसाकर शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 4.32 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में आरोपितों का कनेक्शन पटना से जुड़ गया है। तकनीकी जांच में लोकेशन मिलने के बाद हरियाणा पुलिस बुधवार को पटना पहुंची।

पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित एक अपार्टमेंट में छापामारी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। उनकी पहचान दीपक कुमार और हर्ष के रूप में हुई है। पाटलिपुत्र थानाध्यक्ष रितुराज ने हरियाणा पुलिस के पहुंचने और आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

हरियाणा के हिसार निवासी निजी डॉक्टर को ठगों ने डेटिंग ऐप के माध्यम से अपने जाल में फंसाया था। ऐप पर उनकी बातचीत एक युवती से हुई। संपर्क बढ़ने पर दोनों इंस्टाग्राम और फिर वॉट्सएप पर बातचीत करने लगे।

युवती ने डॉक्टर को बताया कि वह अपने एक करीबी के साथ शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाती है। भरोसा जीतने के लिए उसने ट्रेडिंग से होने वाले कथित मुनाफे की कहानी बताई। झांसे में आने के बाद डॉक्टर ने निवेश के लिए हामी भर दी।

युवती ने अन्य आरोपितों के जरिए डॉक्टर से एक वेबसाइट पर उनका खाता खुलवाया और करीब तीन महीने में अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनसे 4.32 करोड़ रुपये निवेश करा लिए। वेबसाइट पर रकम और मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा।

जब डॉक्टर ने रकम निकालने का प्रयास किया तो निकासी नहीं हो सकी। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने हिसार साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि जांच में युवती का संपर्क पटना में सक्रिय साइबर ठगों से होने की जानकारी मिली।

तकनीकी जांच के दौरान दो आरोपितों की लोकेशन पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित अपार्टमेंट में मिली। इसके बाद हरियाणा पुलिस की टीम पटना पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें- पटना: मां-बेटी ने कमिशन पर साइबर शातिरों को बेच दिए 400 से अधिक खाते, महिला समेत तीन हिरासत में

यह भी पढ़ें- US-UK के नागरिकों को कॉल, कंप्यूटर में मालवेयर और फिर डॉलर की वसूली; पटना में बाइक सवार से ऐसे खुला राज