विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना: मां-बेटी ने कमिशन पर साइबर शातिरों को बेच दिए 400 से अधिक खाते, महिला समेत तीन हिरासत में

Published: Tue, 22 Sep 2026 08:05 PM (IST)

पटना साइबर पुलिस ने सालिमपुर और बाढ़ में 400 से अधिक बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को बेचने के आरोप ...और पढ़ें

पटना में 400 से अधिक बैंक खाते बेचकर साइबर धोखाधड़ी, मां-बेटी समेत तीन हिरासत में (AI Generated Image)

पटना में 400 से अधिक बैंक खाते बेचकर साइबर धोखाधड़ी, मां-बेटी समेत तीन हिरासत में (AI Generated Image)

HighLights

  1. 400 से अधिक बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को बेचे गए।

  2. ग्रामीणों को सरकारी योजना का लाभ दिलाने का प्रलोभन दिया गया।

  3. पटना साइबर पुलिस ने मां-बेटी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया।

जागरण संवाददाता, पटना। सालिमपुर और बाढ़ में शिविर लगाकर 400 से अधिक बैंक खाते खुलवाने के मामले में पटना साइबर थाना की पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

आरोप है कि ग्रामीणों को सरकारी योजना का लाभ, मुफ्त अनाज और अन्य सुविधाएं दिलाने का प्रलोभन देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए गए। बाद में इन खातों को साइबर अपराधियों को बेच दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार मां-बेटी ने झांसे में लेकर ग्रामीणों का खाता खुलवाया है। दोनों नालंदा की रहने वाली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सालिमपुर में करीब 250 और बाढ़ में लगभग 150 खाते शिविर लगाकर खुलवाए गए थे।

इन खातों का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के तौर पर किए जाने की आशंका है। सालिमपुर में ग्रामीणों की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया था। इसी तरह की गतिविधि सामने आने पर बाढ़ में भी जांच शुरू हुई। जांच के अनुसार, मां-बेटी खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर गांवों में पहुंचती थीं।

सरकारी लाभ दिलाने की बात कहकर ग्रामीणों को शिविर में बुलाया जाता था। गांव के किसी प्रभावशाली व्यक्ति को अपने साथ मिलाकर उसके माध्यम से ग्रामीणों के खाते खुलवाए जाते थे। बाद में यही खाते साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाने की बात सामने आई है।

हर खाते पर मिलता था दस हजार रुपये कमीशन

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक खाते के बदले करीब दस हजार रुपये कमीशन दिए जाने की जानकारी मिली है। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस नेटवर्क में मां-बेटी के अलावा कई अन्य लोग शामिल हो सकते हैं। बैंककर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मामले की जांच के दौरान मध्य प्रदेश और हैदराबाद की पुलिस के पहुंचने के बाद पूरे नेटवर्क से जुड़े तथ्य सामने आए। पटना साइबर थाना की पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खुलवाए गए खातों का इस्तेमाल किन साइबर अपराधों में हुआ और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही।

यह भी पढ़ें- बाढ़ में 25 किलो अनाज का लालच देकर खुलवाए 65 खाते, हैदराबाद से आया संदिग्ध पैसा तो ठगी का हुआ खुलासा

यह भी पढ़ें- बिहार में CBI का बड़ा एक्शन: सिम बॉक्स से साइबर क्राइम नेटवर्क पर शिकंजा, जल्द होंगे और बड़े खुलासे