विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में CBI का बड़ा एक्शन: सिम बॉक्स से साइबर क्राइम नेटवर्क पर शिकंजा, जल्द होंगे और बड़े खुलासे 

Published: Tue, 15 Sep 2026 08:06 AM (IST)

सीबीआई ने बिहार में सिम बॉक्स के जरिए चल रहे एक बड़े साइबर अपराध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसमें ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. सीबीआई ने बिहार में सिम बॉक्स साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

  2. एयरटेल के एरिया डिस्ट्रीब्यूटर सहित कई गिरफ्तार, 700 सिम फर्जी मिले।

  3. जांच का दायरा बढ़ा, आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव।

राज्य ब्यूरो, पटना। अवैध सिम बाक्स के जरिये साइबर अपराध के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने के बाद सीबीआइ अब इसकी अगली कड़ी तक पहुंचने में जुटी है।

एयरटेल के महुआ क्षेत्र के एरिया डिस्ट्रीब्यूटर की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा सिम जारी कराने वालों से लेकर उन्हें सिम बाक्स संचालकों तक पहुंचाने वाले नेटवर्क तक बढ़ गया है। सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में और आरोपियों पर कार्रवाई हो सकती है।

सीबीआइ ने तीन दिन पहले वैशाली और ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में 10 ठिकानों पर सिम बाक्स मामले में छापेमारी की थी। इस दौरान मोबाइल, लैपटाप, सिम कार्ड समेत डिजिटल उपकरण बरामद किए गए।

जांच में वैशाली के एक दर्जन से अधिक प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) के क्रेडेंशियल का दुरुपयोग कर 700 से अधिक सिम जारी किए जाने की जानकारी मिली है।

सुपौल से मिली थी लीड

मामले की जड़ सुपौल में पकड़े गए अवैध सिम बाक्स से जुड़ी है। वहां एक मकान से 1300 से अधिक सिम कार्ड मिले थे। इनके विश्लेषण में देशभर के कम से कम 73 साइबर अपराध मामलों का कनेक्शन सामने आया। इनमें डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी के मामले भी शामिल हैं।

सूत्रों की माने तो कई लोगों के नाम पर उनकी जानकारी के बिना सिम जारी किए गए। कुछ मामलों में वैध सिम लेने पहुंचे लोगों से धोखे से कई बार ई-केवाईसी कराई गई। वहीं, बायोमीट्रिक डेटा के दुरुपयोग से भी सिम जारी किए जाने की आशंका है।

अब सीबीआइ यह पता लगा रही है कि फर्जी सिम जारी कराने में कौन-कौन शामिल था और ये सिम किन लोगों तक पहुंचे। इसी कड़ी से नेटवर्क के अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश है। सूत्रों की माने तो यह आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और बड़े लोगों पर शिकंजा कसेगा और गिरफ्तारियां होंगी।

यह भी पढ़ें- सरकारी दफ्तरों व अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़, बिहार-झारखंड से दो गिरफ्तार