बिहार दौरे पर हरीश द्विवेदी, पदाधिकारियों को प्रवास का टास्क; दिनभर चला मैराथन बैठकों का दौर
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने बिहार दौरे पर संगठनात्मक बैठकों की श्रृंखला आयोजित की।

सीएम सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी। (सोशल मीडिया)
HighLights
हरीश द्विवेदी ने बिहार में भाजपा की संगठनात्मक बैठकें लीं।
पदाधिकारियों को प्रवास और बूथ स्तर पर संवाद का टास्क।
सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर दिया जोर।
राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी के प्रथम आगमन पर शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में ताबड़तोड़ बैठक का दौर चला।
उस दौरान द्विवेदी ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए मोर्चा, मंडल और बूथ स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने तथा पदाधिकारियों के प्रवास कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के नियमित प्रवास को आवश्यक बताते हुए कहा कि प्रवास के माध्यम से संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन होता है।
इससे कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और संगठनात्मक समस्याओं का समाधान करने में सहायता मिलती है। बैठक में तय किया गया कि प्रदेश के सभी पदाधिकारी निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप संगठनात्मक प्रवास करेंगे।
कार्यकर्ताओं से किया संवाद
उस दौरान मंडल और बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा। साथ ही संगठन के कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी गतिविधियों की तैयारी भी की जाएगी।
बैठक की शुरुआत प्रदेश पदाधिकारियों की संगठनात्मक मंथन से हुई। इसके उपरांत द्विवेदी ने सात मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों व पदाधिकारियों की बैठक ली।
शाम में विधान मंडल दल की बैठक और फिर कोर ग्रुप की बैठक हुई। सभी से बिहार प्रभारी ने एक ही अपील की। कहा कि प्रवास व जनसंपर्क ही पार्टी की पूंजी है। इसमें कोताही कतई नहीं करें।
विधानमंडल दल की बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सांसदों-विधायकों का ध्यान सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की ओर आकृष्ट किया। प्रखंड से लेकर जिला एवं प्रदेश स्तर पर शुरू हुए सहयोग कार्यक्रम की उपलब्धियां गिनाईं।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाएं
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जन-प्रतिनिधियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है।
बैठक में राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय, बिहार संगठन के सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता एवं संगीता यादव, बिहार के संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दुबे व राजभूषण चौधरी निषाद भी उपस्थित थे।
इससे पहले हरीश द्विवेदी ने प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के बीच परिचयात्मक संवाद किया। इसके साथ ही संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी कार्ययोजनाओं और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी बनाने तथा सरकार की उपलब्धियों को संगठन के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ। राज्यसभा के पूर्व सदस्य आरके सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कार्यों को याद किया गया।