विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोने के सिक्के, दो लॉकर और बिहार के SDM बोर्ड वाली स्कॉर्पियो... छापेमारी में खुली अफसर दंपती की संपत्ति की परतें

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:54 PM (IST)

गोपालगंज की एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के सात ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की। छापेमारी में 1.98 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ, जिसमें जमीन, मकान, फ्लैट, सोने के सिक्के और बैंक खाते शामिल हैं।

एसडीएम डा. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के सात ठिकानों पर छापा

एसडीएम डा. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के सात ठिकानों पर छापा

HighLights

  1. एसडीएम प्रेरणा सिंह और पति रितेश कुमार के ठिकानों पर छापेमारी।

  2. दंपती के पास 1.98 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति मिली।

  3. सोने के सिक्के, दो लॉकर, कई भूखंड और फ्लैट बरामद।

राज्य ब्यूरो, पटना। गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) डा. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के सात ठिकानों पर मंगलवार को विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने छापेमारी की। पटना, दानापुर, गोपालगंज और रोहतास में हुई कार्रवाई के दौरान दंपती की संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज और वित्तीय निवेश की जानकारी सामने आई।

एसवीयू के अनुसार, दंपती के पास 2.82 करोड़ रुपये के जमीन-मकान का पता चला है। इसके अलावा अलग-अलग बैंक खातों में 39.40 लाख रुपये और अन्य वित्तीय संस्थाओं में 16.88 लाख रुपये के निवेश का ब्योरा मिला है।

1.98 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप

एसवीयू के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच और सत्यापन में दंपती के पास वैध आय स्रोतों से एक करोड़ 98 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पाई गई है।

यह उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 84 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसी आधार पर दोनों के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी के दौरान सामने आए नए दस्तावेजों और संपत्तियों के सत्यापन के बाद इस राशि में और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।

दानापुर में चार मंजिला मकान, कई भूखंड और फ्लैट

एसवीयू के सत्यापन में रितेश कुमार के नाम पर दानापुर के चंद्रशेखर नगर में 8100 वर्गफीट जमीन पर बना जी प्लस चार का मकान मिला है। इसकी अनुमानित कीमत 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है।

इसी इलाके में उनके नाम पर 4.5 डिसमिल का एक अन्य भूखंड भी मिला है, जिसकी कीमत 36.74 लाख रुपये आंकी गई है। प्रेरणा सिंह के नाम पर रोहतास के सूर्यपुरा अंचल के नीमा में 16 डिसमिल जमीन (1.90 लाख रुपये) और दानापुर के सहजादपुर में 5.6 डिसमिल जमीन (43.71 लाख रुपये) का पता चला है।

मां के साथ पत्नी के नाम पर भी फ्लैट

जांच में दंपती और प्रेरणा सिंह की मां सुनयना सिंह के नाम पर दानापुर स्थित सात्विका गैलेक्सी में 40.30 लाख रुपये का फ्लैट होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा पटना के एसकेपुरी स्थित आवास से धनबाद में फ्लैट खरीदने से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। एसवीयू इन दस्तावेजों के आधार पर संपत्तियों के स्वामित्व और निवेश की पड़ताल कर रही है।

दिवाली से पहले खरीदे नौ लाख के छह सोने के सिक्के

छापेमारी के दौरान आभूषण खरीद से जुड़ी रसीद भी मिली है। इसके अनुसार, इसी साल पांच नवंबर को दिवाली से ठीक पहले अलंकार ज्वेलर्स से 10-10 ग्राम के छह सोने के सिक्के नौ लाख रुपये में खरीदे गए थे।

इसके अलावा दंपती के अलग-अलग बैंक खातों में 39.40 लाख रुपये जमा होने और अन्य वित्तीय संस्थाओं में 16.88 लाख रुपये के निवेश का पता चला है। एसबीआई और पीएनबी में 10 लाख रुपये की सावधि जमा (एफडी) के दस्तावेज भी मिले हैं।

दो बैंक लॉकर और एसडीएम बोर्ड वाली स्कार्पियो भी चर्चा में

तलाशी के दौरान एसबीआई की आनंदपुरी शाखा में दो लॉकर होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा दंपती के नाम पर हुंडई क्रेटा और होंडा एक्टिवा वाहन मिले हैं। एसवीयू ने एसडीएम गोपालगंज का बोर्ड लगी एक स्कार्पियो को बेनामी बताया है।

जांच के दौरान रितेश कुमार की मां विद्यावती देवी के नाम पर दानापुर में 10 डिसमिल जमीन के कागजात भी मिले हैं। तलाशी में एएसडीएम हाजीपुर के बोर्ड से जुड़े दस्तावेज भी सामने आए हैं।

इन सात ठिकानों पर हुई छापेमारी

एसवीयू की टीम ने दंपती के विवेक बिहार कॉलोनी, गोला रोड, दानापुर स्थित आवास और रितेश कुमार के नई कैपिटल रोड, पटना स्थित कार्यालय में तलाशी ली।

इसके अलावा गोपालगंज में एसडीएम का सरकारी आवास और कार्यालय, रितेश कुमार का आर्या नगर, बिक्रमगंज स्थित पैतृक आवास तथा गोसालडीह, रोहतास स्थित पैतृक आवास खंगाला गया। दंपती के एसकेपुरी, पटना स्थित जनकमुनी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 102 में भी छापेमारी की गई।

यह भी पढ़ें- SDO के इंजीनियर पति के ठिकानों पर SVU का बड़ा एक्शन, आय से अधिक संपत्ति मामले में बिक्रमगंज से गोसलडीह तक छापेमारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।