गंगा में अब नहीं गिरेगी पटना की गंदगी! राजधानी में बनेगा 250 MLD का नया सीवरेज प्लांट, जमीन की तलाश तेज
पटना में गंगा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए 250 एमएलडी क्षमता का एक नया सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके लिए जमीन की तलाश तेज कर दी गई है, जिससे शहर के गंदे पानी का वैज्ञानिक तरीके से शोधन हो सके।

गंगा में अब नहीं गिरेगी पटना की गंदगी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
जागरण संवाददाता, पटना। गंगा की निर्मल धारा में राजधानी की गंदगी न मिले, इसके लिए सीवरेज जल के शोधन की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। राजधानी में 250 एमएलडी क्षमता का एक नया सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया जाएगा।
इससे शहर के अधिक से अधिक इलाकों से निकलने वाले गंदे पानी का वैज्ञानिक तरीके से शोधन हो सकेगा। साथ ही गंगा नदी में अशोधित सीवरेज का पानी गिरने से रोकने में मदद मिलेगी। इस दिशा में नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव सह बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर ने जिलाधिकारी कुंदन कुमार को प्लांट के लिए जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
जमीन मिलने के बाद नए प्लांट की स्थापना
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को उपयुक्त जमीन चिह्नित करने, उसकी मापी कराने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। जमीन मिलने के बाद नए प्लांट की स्थापना की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नए एसटीपी की योजना के बीच बुडको के एमडी और जिलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम के साथ दीघा स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्लांट की कार्यप्रणाली, उसकी क्षमता और शोधित पानी की गुणवत्ता की जानकारी ली।
दीघा में 100 एमएलडी क्षमता का एसटीपी संचालित
दीघा में 100 एमएलडी क्षमता का एसटीपी संचालित है। यहां सीवरेज के पानी को आधुनिक तकनीक से साफ करने के बाद बाहर निकाला जाता है। बता दें कि राजधानी में छह एसटीपी बनाए गए हैं। इनमें दीघा, कंकड़बाग, बेऊर, करमलीचक, सैदपुर और पहाड़ी एसटीपी शामिल हैं।

बुडको एमडी ने डीएम को दिया भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश (सौ. जागरण)
बेउर, करमलीचक, सैदपुर और पहाड़ी एसटीपी के लिए सीवरेज नेटवर्क परियोजना का काम पूरा कर 85,398 घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। दीघा-कंकड़बाग सीवरेज नेटवर्क परियोजना के तहत करीब 1.10 लाख और घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ने की तैयारी है।
केंद्रीय टीम ने की गुणवत्ता की सराहना
दीघा एसटीपी से निकलने वाले शोधित पानी की केंद्रीय पर्यावरण टीम ने भी जांच की है। टीम ने पानी के नमूने लेकर निर्धारित मानकों और पैरामीटर के आधार पर परीक्षण किया। जांच में शोधित जल सभी मानकों के अनुरूप पाया गया। केंद्रीय टीम ने प्लांट की कार्यप्रणाली और शोधित पानी की गुणवत्ता की सराहना की है।
गंगा की स्वच्छता को मिलेगा बल
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सीवरेज शोधन व्यवस्था का विस्तार शहरी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी है। 250 एमएलडी क्षमता के नए प्लांट की स्थापना से शहर के ज्यादा इलाकों के गंदे पानी का शोधन संभव होगा। इससे गंगा में प्रदूषण का खतरा कम करने और नदी की स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी। यह व्यवस्था आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।