विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पापा ने सिखाया जनता के लिए जीना..., नीतीश के लाल निशांत ने बताया राजनीति का असली अर्थ

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:20 PM (IST)

जदयू के सुशासन दिवस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बताया कि राजनीति जनसेवा का माध्यम है, जैसा उनके पिता नीतीश कुमार ने सिखाया। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास, महिला सशक्तिकरण और सुशासन के कार्यों पर प्रकाश डाला।

नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत कुमार के साथ

नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत कुमार के साथ

HighLights

  1. निशांत ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बताया

  2. नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन और विकास किया

  3. महिला सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण कार्य

राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित सुशासन दिवस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि पापा (नीतीश कुमार) ने उन्हें समझाया कि राजनीति पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और सामाजिक परिवर्तन का जरिया है। नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभालते ही न्याय के साथ विकास और सुशासन को आधार बनाकर राज्य के नवनिर्माण की नींव रखी।

कानून-व्यवस्था में सुधार से विकास को मिली नई दिशा

निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार का मूल उद्देश्य कमजोर वर्गों का उत्थान और समावेशी विकास रहा है। सत्ता संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी।

इससे राज्य में भयमुक्त वातावरण बनाने और समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने की दिशा में काम हुआ। उन्होंने कहा कि सुशासन की स्थापना के साथ ही सरकार ने सामाजिक न्याय और विकास को भी प्राथमिकता दी।

महिला सशक्तीकरण के लिए आरक्षण का फैसला

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण को केंद्र में रखते हुए पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत तथा सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया।

इससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। आज बिहार में देश का सबसे बड़ा महिला पुलिस बल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अवसर देकर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया गया।

सड़क, बिजली और पर्यावरण के क्षेत्र में भी हुए काम

निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में सड़क निर्माण के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए। इससे राज्य के आर्थिक विकास को नई गति मिली। वर्ष 2018 में बिहार शत-प्रतिशत विद्युतीकरण वाला राज्य घोषित हुआ। वहीं, जल-जीवन-हरियाली अभियान की सराहना संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंच पर भी हुई। नीतीश कुमार को क्लाइमेट लीडर के रूप में भी पहचान मिली।

कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाने की अपील

निशांत ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उनके पास जनता को बताने के लिए नीतीश कुमार की अनगिनत उपलब्धियां हैं। सभी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और सरकार के कार्यों एवं उपलब्धियों से लोगों को अवगत कराएं। साथ ही आमजन के सुख-दुख में सहभागी बनें।

इन्होंने भी रखे विचार

नीतीश कुमार ने सत्ता की बागडोर संभालकर न्याय के साथ विकास और सुशासन की नई लकीर खींची। जिस समय उन्हें बिहार की जिम्मेदारी मिली, उस समय कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर थी।

संजय कुमार सिंह

नीतीश कुमार ने अल्पसंख्यक समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके कल्याण और उत्थान के लिए योजनाएं लागू की गईं। इन प्रयासों का सकारात्मक असर समाज में देखने को मिल रहा है।

अशफाक करीम 

नीतीश कुमार ने समाज के सभी वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता दी। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार में कई संस्थाओं और परियोजनाओं की स्थापना हुई, जिन्होंने राज्य को नई पहचान दिलाई।

संजय सिंह, विधान पार्षद 

नीतीश कुमार ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी सोच और कुशल नेतृत्व से बिहार की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल दी।

अरुण मांझी, विधायक

यह भी पढ़ें- निशांत पैर छूने झुके तो मोदी ने गले लगाया, नीतीश का भी रखा मान; बिहार के मंच से किसे क्या संदेश दे गए PM?

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।