फेसबुक, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब से फैलाते थे सट्टेबाजी का जाल, जीत का लालच देकर युवाओं को बनाते थे शिकार
बिहार एसटीएफ ने एक अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से ...और पढ़ें

पहले जिताते थे मोटी रकम, फिर लगाते थे लाखों की चपत
HighLights
गिरोह व्हाट्सएप, सोशल मीडिया से फैलाता था ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क।
शुरुआत में जीत का लालच देकर बाद में लाखों ठगते थे।
फर्जी खातों, शेल कंपनियों से करते थे अवैध रकम की लॉन्ड्रिंग।
राज्य ब्यूरो, पटना। आनलाइन सट्टेबाजी का अंतरराष्ट्रीय गिरोह स्थानीय स्तर पर अलग-अलग वाट्सएप नंबरों के जरिए अपना नेटवर्क संचालित करता था। बिहार एसटीएफ के अनुसार, गिरोह के सदस्य अलग-अलग मोबाइल नंबरों से वाट्सएप अकाउंट बनाते थे और इसके बाद मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लेते थे। केवल वाट्सएप चैट और कॉल के माध्यम से संपर्क बनाए रखते थे।
जांच में सामने आया है कि गिरोह फेसबुक, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी वेबसाइट और गेमिंग एप का प्रचार करता था। इसके लिए लोगों को कम समय में अधिक पैसा कमाने का लालच देकर आनलाइन सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था। वाट्सएप चैट और कॉल के माध्यम से उन्हें गेम खेलने का तरीका बताया जाता था।
पहले जिताते थे मोटी रकम, फिर लगाते थे लाखों की चपत
सट्टे की रकम जमा करने के लिए बैंक खातों, यूपीआइ और क्यूआर कोड की जानकारी दी जाती थी। शुरुआत में खिलाड़ियों को जीत का लालच देने के लिए मोटी रकम दी जाती थी। इससे प्रभावित होकर लोग अधिक पैसे लगाने लगते थे। बाद में वे अपनी बड़ी रकम गंवा बैठते थे। कई मामलों में जीतने के बाद भी खिलाड़ियों को उनकी रकम नहीं दी जाती थी।
शेल कंपनियों और म्यूल खातों में जमा कराते थे रकम
जांच में सामने आया है कि सट्टेबाजी की रकम जमा कराने के लिए गिरोह कई बैंकों के करंट अकाउंट का इस्तेमाल करता था। ये खाते फर्जी फर्मों, शेल कंपनियों और दूसरे व्यक्तियों के नाम पर खुलवाए गए थे। खिलाड़ियों से बैंक खातों, यूपीआइ और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे जमा कराए जाते थे।
इसके बाद रकम को कई म्यूल खातों के जरिए अलग-अलग बैंकों में स्थानांतरित कर दिया जाता था। इस तरह पैसे के वास्तविक स्रोत और लाभार्थियों की पहचान छिपाई जाती थी। पुलिस इसे सामान्य सट्टेबाजी का मामला नहीं, बल्कि धोखाधड़ी, कूटरचना और मनी लांड्रिंग से जुड़ा संगठित आर्थिक अपराध मानकर जांच कर रही है।
पटना से दिल्ली और कोलकाता तक फैला था नेटवर्क
पुलिस की जांच में अलग-अलग शहरों में गिरोह के सदस्यों की बैठक और ठगी की साजिश रचने के ठिकानों की जानकारी मिली है। पटना के बोरिंग रोड स्थित मोंटेसरी लेन के मेरिडियन इन्क्लेव अपार्टमेंट, राजा बाजार की सुशीला रेजिडेंसी, एग्जीबिशन रोड स्थित जेडी टावर और खगौल के अग्रणी होम्स में गिरोह के सदस्यों की गतिविधियां सामने आई हैं।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल के जोका स्थित गोदरेज सेवन अपार्टमेंट और कोलकाता के घोष बागान अपार्टमेंट में भी गिरोह के ठिकाने चिह्नित किए गए हैं। दिल्ली के पीतमपुरा और जगरपुरा एक्सटेंशन के साथ उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित संजय नगर में भी इसके नेटवर्क का पता चला है।
आनलाइन सट्टेबाजी की सूचना यहां दें
बिहार पुलिस ने किशोरों और युवाओं से आनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग एप से दूर रहने की अपील की है। इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर इन नंबरों पर शिकायत की जा सकती है।
- साइबर सेल: 9031825981
- एसटीएफ कंट्रोल नंबर: 9031829326
यह भी पढ़ें- बिहार में ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार 2000 करोड़ के करीब, 8 साल में छह गुना बढ़ा अवैध नेटवर्क
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।