विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार 2000 करोड़ के करीब, 8 साल में छह गुना बढ़ा अवैध नेटवर्क

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:55 PM (IST)

बिहार में आईपीएल के साथ अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जो 2017 के 300 करोड़ ...और पढ़ें

मोबाइल और लैपटॉप से चल रहा करोड़ों का सट्टेबाजी नेटवर्क

मोबाइल और लैपटॉप से चल रहा करोड़ों का सट्टेबाजी नेटवर्क

HighLights

  1. आठ साल में सट्टेबाजी कारोबार छह गुना बढ़कर 2000 करोड़ पहुंचा।

  2. मोबाइल, लैपटॉप से संचालित हो रहा अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजी नेटवर्क।

  3. युवाओं की भागीदारी बढ़ी, पुलिस कार्रवाई में भी तेजी आई।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के साथ अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार भी तेजी से पैर पसार रहा है। पिछले आठ वर्षों में इस अवैध कारोबार का अनुमानित आकार छह गुना से अधिक बढ़ गया है। वर्ष 2017 में जहां बिहार में आइपीएल सट्टेबाजी का कारोबार करीब 300 करोड़ रुपये आंका गया था, वहीं 2025 में इसके बढ़कर 1800 से 2000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

तकनीक के विस्तार के साथ अब यह नेटवर्क बड़े बुकी तक सीमित नहीं रह गया है। मोबाइल और लैपटॉप के जरिए छोटे-छोटे सट्टेबाज भी इस अवैध कारोबार से जुड़ रहे हैं।

मोबाइल और लैपटॉप से चल रहा करोड़ों का सट्टेबाजी नेटवर्क

बिहार पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी के अनुसार, ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क लगातार विस्तार कर रहा है। इसमें ब्लैकमनी खपाने से लेकर साइबर फ्रॉड तक के मामले सामने आ रहे हैं। वर्ष 2025 में देश के अलग-अलग राज्यों में हुई छापेमारी के दौरान बिहार से जुड़े कई मामलों में भी कार्रवाई और गिरफ्तारियां की गईं।

पूछताछ में पता चला कि सट्टेबाजी का यह अवैध कारोबार अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हुआ है। नेटवर्क को विदेशों में बैठे लोग भी संचालित कर रहे हैं। वर्ष 2024 में इस कारोबार का अनुमानित आकार करीब 1600 करोड़ रुपये था, जो एक साल में लगभग 400 करोड़ रुपये बढ़ गया।

आठ साल में 300 करोड़ से बढ़कर 2000 करोड़ तक पहुंचा कारोबार

बिहार में आइपीएल सट्टेबाजी का अवैध कारोबार वर्ष 2017 से लगातार बढ़ रहा है। आंकड़ों के अनुसार, 2017 में इसका अनुमानित आकार 300 करोड़ रुपये था। वर्ष 2019 में यह बढ़कर 500 करोड़ रुपये हो गया।

इसके बाद कारोबार में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2022 में इसका आकार 1000 करोड़ रुपये और 2023 में 1300 करोड़ रुपये आंका गया। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 1600 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि 2025 में कारोबार के 1800 से 2000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

हर गेंद, विकेट और खिलाड़ी के प्रदर्शन पर लग रहा दांव

ऑनलाइन सट्टेबाजी के इस खेल में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है। अब मोबाइल एप और लैपटॉप के माध्यम से सट्टेबाजी का पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई में जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बढ़ती संख्या भी इसकी पुष्टि करती है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सट्टेबाजी के लिए अलग-अलग एप का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें रिचार्ज सिस्टम के साथ बोनस देने की सुविधा भी होती है। सट्टेबाजी केवल मैच के नतीजे तक सीमित नहीं है, बल्कि हर गेंद, विकेट, ओवर और बल्लेबाज के व्यक्तिगत प्रदर्शन पर भी रुपये लगाए जाते हैं।

पुलिस कार्रवाई में मोबाइल और लैपटॉप की जब्ती बढ़ी

ऑनलाइन सट्टेबाजी के विस्तार के साथ पुलिस की कार्रवाई में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जब्ती भी बढ़ी है। वर्ष 2019 में कार्रवाई के दौरान 220 मोबाइल और 18 लैपटॉप जब्त किए गए थे।

वहीं, वर्ष 2024 में जब्त मोबाइल की संख्या बढ़कर 850 और लैपटॉप की संख्या 80 हो गई। इससे पता चलता है कि सट्टेबाजी के संचालन में डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है।

सट्टेबाजी में युवाओं की भागीदारी 42 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान

सट्टेबाजी के अवैध कारोबार में युवाओं की बढ़ती भागीदारी चिंता का विषय बन गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2018 में गिरफ्तार आरोपितों में 20 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की भागीदारी करीब 20 प्रतिशत थी।

वर्ष 2021 में यह आंकड़ा बढ़कर 30 प्रतिशत और 2024 में करीब 40 प्रतिशत हो गया। वहीं, वर्ष 2025 में युवाओं की भागीदारी 42 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।

एक मैच पर 1500 रुपये से बढ़कर एक लाख तक लग रहा दांव

सट्टेबाजी में शामिल रकम का आकार भी तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2018 में एक मैच पर औसतन 1500 से 4000 रुपये तक का दांव लगाया जाता था। वहीं, वर्ष 2025 तक एक मैच पर एक लाख रुपये तक का दांव लगाए जाने के मामले सामने आने का अनुमान है।

इससे स्पष्ट है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार अब बड़े आर्थिक नेटवर्क का रूप लेता जा रहा है। इसमें युवाओं की बढ़ती भागीदारी और बड़ी रकम का इस्तेमाल पुलिस के लिए भी चुनौती बन रहा है।

बिहार में पुलिस की कार्रवाई: गिरफ्तारियां और छापेमारी लगातार बढ़ीं

सट्टेबाजी के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए बिहार पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2017 में 150 आरोपित गिरफ्तार किए गए थे। वर्ष 2024 तक यह संख्या बढ़कर 720 हो गई।

इसी अवधि में पुलिस छापेमारी की संख्या भी 70 से बढ़कर 380 तक पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान जब्त नकदी में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।

सात साल में जब्त नकदी 1.2 करोड़ से बढ़कर 7.8 करोड़ रुपये

पुलिस कार्रवाई के दौरान जब्त नकदी के आंकड़े भी इस अवैध कारोबार के विस्तार की ओर संकेत करते हैं। वर्ष 2018 में जहां 1.2 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए थे, वहीं 2024 में यह रकम बढ़कर 7.8 करोड़ रुपये हो गई।

पुलिस कार्रवाई में जब्त नकदी (बिहार)

वर्ष जब्त नकदी
2018 1.2 करोड़ रुपये
2019 1.8 करोड़ रुपये
2020 2.3 करोड़ रुपये
2021 3.1 करोड़ रुपये
2022 4.5 करोड़ रुपये
2023 6.2 करोड़ रुपये
2024 7.8 करोड़ रुपये

आठ साल में 720 आरोपित गिरफ्तार, 380 बार हुई छापेमारी

बिहार में सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के आंकड़ों में भी लगातार वृद्धि हुई है। गिरफ्तारियों और छापेमारी की संख्या में बढ़ोतरी से इस नेटवर्क की व्यापकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

गिरफ्तार आरोपितों की संख्या (बिहार)

वर्ष गिरफ्तार आरोपित
2017 150
2018 180
2019 260
2020 310
2021 420
2022 520
2023 650
2024 720

पुलिस छापेमारी का आंकड़ा (बिहार)

वर्ष छापेमारी
2017 70
2018 90
2019 120
2020 150
2021 210
2022 260
2023 317
2024 380

IPL 2027 से पहले फिर सक्रिय होने लगे सट्टेबाजी नेटवर्क

अगले आइपीएल सीजन 2027 को देखते हुए बुकी से लेकर छोटे सट्टेबाजों तक के नेटवर्क के फिर सक्रिय होने की आशंका है। मोबाइल एप, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित इस अवैध कारोबार पर नियंत्रण पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। ऐसे में आने वाले समय में पुलिस की निगरानी और कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।