छठ पर महज 2100 रुपये में हेलीकॉप्टर से निहारें पटना के गंगा घाटों का भव्य नजारा; पढ़ें बुकिंग का तरीका
छठ महापर्व के दौरान पटना में अब पर्यटक हेलीकॉप्टर से गंगा घाटों और शहर की रौनक का दीदार कर सकेंगे।
-1794636389830_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
छठ पर पटना में हेलीकॉप्टर जॉयराइड की सुविधा शुरू।
2100 रुपये में आसमान से देखें गंगा घाटों की छटा।
पर्यटन विभाग ने 10 से 16 नवंबर तक विशेष राइड चलाई।
जागरण संवाददाता, पटना। गंगा के घाटों पर उमड़ती आस्था की भीड़, दीपों और रोशनी से जगमगाते तट और छठ के उल्लास में डूबा पटना।
इस बार लोक आस्था के महापर्व की यह खूबसूरती सिर्फ घाटों से ही नहीं, बल्कि आसमान से भी निहारने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ड्रीम प्रोजेक्ट हेलीकॉप्टर जाय राइड का दायरा बढ़ाते हुए पर्यटन विभाग ने छठ के अवसर पर विशेष हवाई भ्रमण की सुविधा शुरू की है।
महज 2100 रुपये खर्च कर पर्यटक और श्रद्धालु हेलीकॉप्टर से पटना के मनोरम दृश्यों का दीदार कर सकेंगे। पर्यटन विभाग की ओर से राइड की सुविधा 10 से 16 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी।
इस दौरान प्रतिदिन सुबह आठ से 10 बजे तक उड़ान संचालित होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतिदिन छह स्लाट निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद 19 नवंबर से नियमित राइड का विस्तार किया जाएगा। अब शनिवार और रविवार के अलावा प्रत्येक गुरुवार एवं शुक्रवार को भी यह सुविधा मिलेगी।
गंगा के घाटों और शहर का दिखेगा विहंगम नजारा
छठ के दौरान पटना के गंगा घाटों पर आस्था का अनूठा दृश्य दिखाई देता है। लाखों श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए घाटों पर जुटते हैं।
आकर्षक सजावट, रोशनी और छठ गीतों से गूंजता वातावरण शहर को उत्सव के रंग में सराबोर कर देता है। हेलीकॉप्टर के जरिये पर्यटक गंगा के विस्तृत प्रवाह, नदी किनारे बसे शहर और घाटों की उत्सवी छटा को आसमान से देख सकेंगे।
यह अनुभव छठ के पारंपरिक उत्साह में रोमांच और पर्यटन का नया आयाम जोड़ेगा। राइड का आनंद लेने के इच्छुक लोग बिहार पर्यटन के आधिकारिक पोर्टल booking.tourism.bihar.gov.in पर ऑनलाइन सीट बुक कर सकते हैं।
प्रति व्यक्ति किराया 2100 रुपये निर्धारित किया गया है। पर्यटन विभाग की इस पहल का उद्देश्य छठ के अवसर पर पर्यटकों को नया अनुभव देने के साथ राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
यह भी पढ़ें- मगध में 'कसार' तो मिथिला में 'भुसवा': जानिए बिहार के इन दो क्षेत्रों में छठ मनाने की परंपराएं कितनी हैं अलग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।