मगध में 'कसार' तो मिथिला में 'भुसवा': जानिए बिहार के इन दो क्षेत्रों में छठ मनाने की परंपराएं कितनी हैं अलग
बिहार के मगध और मिथिला क्षेत्रों में छठ पूजा मनाने के अलग-अलग तरीकों को यह लेख दर्शाता है, जिसमें अनुष्ठानों, प्रसाद और परंपराओं में भिन्नताएं बताई गई हैं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
मगध में गंगा घाटों पर कोसी भरने की परंपरा।
मिथिला में डाला जगाने और पोखरों में अर्घ्य।
प्रसाद में कसार और भुसवा की क्षेत्रीय भिन्नताएं।
प्रभात रंजन, पटना। एक ही सूर्य, एक ही आस्था और एक ही महापर्व, लेकिन छठ मनाने के अंदाज अलग-अलग। कहीं गांव के प्राचीन पोखरों में पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच अर्घ्य अर्पित किया जाता है तो कहीं गंगा, सोन और पुनपुन के घाटों पर लोक आस्था का सैलाब उमड़ता है।
कहीं सूप में सजे महाप्रसाद में कसार की मिठास है तो कहीं भुसवा की पारंपरिक सुगंध। शाम के अर्घ्य के बाद कहीं प्रसाद जस का तस रहता है तो कहीं सुबह के अर्घ्य के लिए सूप नए सिरे से सजाया जाता है।
यह अंतर आस्था का नहीं, सदियों में विकसित हुई क्षेत्रीय संस्कृति, परंपरा और भौगोलिक परिस्थितियों का है। मगध और मिथिला की छठ परंपराएं इसी विविधता में बिहार की समृद्ध लोक विरासत की अनूठी तस्वीर पेश करती हैं।
लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार की सांस्कृतिक पहचान है। राज्य की सीमाओं से निकलकर यह पर्व अब देश-विदेश तक पहुंच चुका है।
मगध और मिथिलांचल में इसकी जड़ें सदियों पुरानी लोक परंपराओं से जुड़ी हैं। दोनों क्षेत्रों में भगवान भास्कर और छठी मईया के प्रति आस्था समान है, लेकिन पूजा के विधान, अर्घ्य देने के स्थान, प्रसाद बनाने और घाट पर निभाई जाने वाली परंपराओं में अंतर देखने को मिलता है।
इन भिन्नताओं के पीछे धार्मिक मान्यताओं से अधिक क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और सांस्कृतिक विरासत की भूमिका है।
डाला जगाने के साथ कोसी भरने की परंपरा
मिथिलांचल की छठ पूजा में पोखरों का विशेष महत्व है। यहां गांवों की पारंपरिक पोखरों पर अर्घ्य देने की परंपरा है। ज्योतिष आचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि मिथिला क्षेत्राें में छठ के मौके पर डाला जगाने की परंपरा है।
शाम को अर्घ्य देने के बाद डाला घर आता है। इसे आंगन में रखा जाता है। आंगन में चावल को पीस कर अरिपन बनाया जाता है। इसके ऊपर डाला रख घुमाया जाता है।
इस दौरान छठ व्रती छठी मईया के अलावा, विभिन्न देवी-देवाताओं के साथ ग्राम और कुल देवी के गीत गाती हैं। वहीं, सुबह में इसी डाला को लेकर घाट पर पूजन के लिए ले जाया जाता है।
जबकि, मगध क्षेत्रों में गंगा घाटों पर कोसी भरने की परंपरा है। मन्नत पूरा होने पर व्रती कोसी भरती हैं। इस दौरान गन्ने को बिना काट-छांट किए चारों ओर से घेरा बनाकर मिट्टी से बने हाथी को रखा जाता है।
हाथी के ऊपर चौमुखी दीपक जलाने के साथ छठ व्रती लोक गीत गाते हुए छठी मईया को प्रसन्न करती हैं। वहीं, मिथिला में ऐसी परंपरा है कि जो व्रती एक बार छठ को आरंभ करता है वह लगातार करता रहता है।
किसी भी परिस्थिति में इसे छोड़ा नहीं जाता है। जब तक व्रती का शरीर स्वस्थ रहता है वह प्रतिवर्ष अनुष्ठान को पूरा करते हैं। जबकि, मगध में ऐसी परंपरा नहीं है। मगध में छोड़ कर भी छठ व्रत करने की परंपरा है।
ऐसे तो सूर्य की पूजा के लिए किसी पुरोहित की जरूरत नहीं पड़ती है। वहीं, मगध में पुरोहित घाटों पर पूजा कराते हैं। मगध में खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद उनके छोड़े प्रसाद को परिवार के लोग ग्रहण करते हैं। जबकि, मिथिला में ऐसी बात नहीं है। मिथिला में स्थिर जल तो मगध में प्रवाहित जल धारा के बीच अर्घ्य देने की परंपरा है।
ठेकुआ के साथ कसार बनाने की परंपरा
छठ का महाप्रसाद भी क्षेत्रीय परंपराओं की कहानी कहता है। मगध में शुद्ध घी और गेहूं के आटे से तैयार ठेकुआ के साथ चावल के आटे और गुड़ से बना कसार छठी मईया को चढ़ाने की परंपरा है। जबकि, मिथिला क्षेत्रों में इसी तरह के पारंपरिक प्रसाद को भुसवा कहा जाता है।
यहां पर धान की कटाई भादो-आश्विन माह में प्राय होता है। गहरे रंग के चावल से भुसवा तैयार किया जाता है। कृषि परंपरा और खानपान की विरासत के आधार पर प्रसाद बनाने विधि-विधान रहा है।
वहीं, मिथिला में संध्या अर्घ्य के समय सूप में जो प्रसाद सजाया जाता है वही अगले दिन उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के समय रहता है। इसमें बदलाव नहीं किया जाता। दूसरी ओर मगध में शाम के अर्घ्य के बाद सूप में रखे प्रसाद को बदला जाता है।
ठेकुआ और फल को बदला जाता है। सुबह के अर्घ्य के लिए सूप को नए सिरे से तैयार किया जाता है। वहीं मिथिला में मनौती सूप बनाने की भी परंपरा है। वहां की परंपरा में नेटुआ नचाने की प्रथा है।
जिन महिलाओं को संतान प्राप्ति में कठिनाई होती है वे छठ के अवसर पर घाट पर अपने आंचल पर नेटुआ नचाती है। ऐसी मान्यता है कि इस परंपरा को करने से संतान की प्राप्ति होती है। वही मगध के उलार सहित कुछ मंदिरों में परंपरा प्रचलित है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।