बिहार की धनकुबेर DPO: 3 करोड़ के 10 प्लॉट, 5 मंजिला मकान और लाखों के गहने-कैश बरामद, रेलवे में हैं पति
DPO Ruby Kumari: आर्थिक अपराध इकाई ने किशनगंज की डीपीओ रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के चार ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की।

डीपीओ रूबी कुमारी और उनका पांच मंजिला मकान। (जागरण)
HighLights
डीपीओ रूबी कुमारी के चार ठिकानों पर EOU की छापेमारी।
तीन करोड़ के 10 भूखंड और पांच मंजिला भवन बरामद।
ज्ञात आय से 87.49% अधिक संपत्ति का खुलासा।
राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार को किशनगंज के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) रूबी कुमारी और उनके पति कटिहार रेलवे स्टेशन के लोको सहायक गौरव कुमार के कटिहार और किशनगंज के चार ठिकानों पर छापेमारी की।
इस दौरान लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य के दस भूखंडों के दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा कटिहार शहर के पाश इलाके में करीब आठ डिसमिल जमीन पर बना पांच मंजिला नवनिर्मित भवन भी मिला है।
इस भवन के निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च होने का अनुमान है। भवन में अभी साज-सज्जा का काम चल रहा है।
ईओयू अब इसका मूल्यांकन कराएगी। इसके अलावा तलाशी के दौरान 2.80 लाख रुपये नकद, करीब छह लाख रुपये के आभूषण खरीद के कागजात और स्कॉर्पियो भी बरामद किया गया है।
ईओयू के अनुसार, अब तक की जांच में डीपीओ रूबी और पति गौरव पर आपराधिक षड्यंत्र कर ज्ञात आय के स्रोत से 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से 87.49 प्रतिशत अधिक पाई गई है। इस मामले में आर्थिक अपराध थाने में कांड संख्या 31/26 दर्ज किया गया है।
पत्नी किशनगंज में डीपीओ, पति कटिहार में लोको सहायक
रूबी कुमारी वर्ष 2018 में बीपीएससी की 56वीं से 59वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से बिहार शिक्षा सेवा में चयनित हुई थीं।
वर्ष 2019 में उनकी पहली पोस्टिंग पूर्णिया में हुई थी। इसके बाद 2023 में कटिहार में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर तैनात हुईं। वर्ष 2025 से किशनगंज में कार्यरत हैं।
उनके पति गौरव कुमार वर्ष 2004 में रेलवे में ग्रुप सी के तहत लोको सहायक के पद पर बहाल हुए थे। वर्तमान में कटिहार रेलवे स्टेशन पर कार्यरत हैं। ईओयू के अनुसार, बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
तलाशी और आगे के अनुसंधान में आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है। लोक सेवक के रूप में कर्तव्य विचलन के संबंध में भी सक्षम प्राधिकार को जानकारी दी जा रही है।
इन ठिकानों पर हुई छापेमारी
कटिहार के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित रूबी कुमारी के पैतृक मकान और निजी अपार्टमेंट। किशनगंज स्थित उनके सरकारी कार्यालय और लाइनपाड़ा मोहल्ले में किराये के आवास।
यह भी पढ़ें- किशनगंज की DPO के पास करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा, पुलिस ने एक साथ 4 ठिकानों पर की छापामारी