टेंडर घोटाले में ईडी ने विपुल वैभव से की पूछताछ, रिशु श्री के साथ जापान यात्रा भी जांच के दायरे में
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टेंडर घोटाले की जांच के सिलसिले में ठेकेदार रिशु श्री के करीबी विपुल वैभव से पूछताछ शुरू की है। विपुल पर नगर विकास विभाग और बुडको की परियोजनाओं के टेंडर मैनेज करने का आरोप है।

टेंडर घोटाले में आरोपित रिशु श्री। फाइल
HighLights
ईडी ने टेंडर घोटाले में विपुल वैभव से पूछताछ शुरू की।
विपुल पर रिशु श्री के साथ टेंडर मैनेज करने का आरोप।
जापान यात्राओं और कंपनियों से कथित संबंधों की जांच।
राज्य ब्यूरो, पटना। टेंडर घोटाले की जांच के सिलसिले में ठेकेदार रिशुश्री के करीबी विपुल वैभव बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ शुरू की है।
ईडी की ओर से जारी नोटिस के जवाब में वह अपना पक्ष रखने पहुंचे हैं। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में उनसे लंबी पूछताछ हो सकती है।
जांच का मुख्य केंद्र बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग और बुडको (बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम) की विभिन्न परियोजनाओं के टेंडर हैं।
परियोजनाओं के टेंडर मैनेज करने का आरोप
बताया जाता है कि विपुल वैभव मेसर्स श्रीहरि कंस्ट्रक्शन एंड कंसल्टेंसी से जुड़ा हुआ है। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, विपुल वैभव पर आरोप है कि वह रिशु श्री के सहयोग से नगर विकास विभाग और बुडको की आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं के टेंडर मैनेज करता था।
इस सिलसिले में जापान की कंपनियों को टेंडर दिलाने और करोड़ों रुपये के लाभ से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस मामले में कई सीनियर अधिकारी भी रडार पर हैं।
रिशु श्री के साथ कई बार जापान गया था विपुल
सूत्रों के अनुसार विपुल वैभव कई बार रिशु श्री के साथ जापान भी गया था। ईडी इन विदेश यात्राओं, कंपनियों से कथित संपर्क और टेंडर आवंटन में उसकी भूमिका से जुड़े सवालों के जवाब तलाश रही है।
रिशु श्री पर विशेष निगरानी इकाई और ईडी जांच कर रही है। वह अलग-अलग कंपनियों के जरिए सरकारी ठेके उठाता था जिसमें अफसरों की मिलीभगत के आरोप हैं।
सूत्रों की माने तो वह वरिष्ठ अधिकारियों को ठेके के बदले एक मोटी रकम देता था। उन्हें विदेश की सैर भी कराता था। यह मामला फिलहाल कोर्ट में चल रहा है।