बिहार के गांव से जर्मनी तक का सफर, टीबी पर रिसर्च के लिए पालीगंज की डॉ. ऋचा को मिला रॉबर्ट कोच अवॉर्ड
पालीगंज की डॉ. ऋचा मिश्रा को जर्मनी के बर्लिन में रॉबर्ट कोच फाउंडेशन द्वारा पोस्टडॉक्टोरल वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

डॉ. ऋचा मिश्रा को मिला रॉबर्ट कोच अवार्ड (सौ. जागरण)
HighLights
डॉ. ऋचा मिश्रा को बर्लिन में रॉबर्ट कोच फाउंडेशन पुरस्कार मिला।
टीबी बैक्टीरिया की प्रतिरोधक क्षमता पर उनके शोध को सराहा गया।
पालीगंज की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जगत में अपनी पहचान बनाई।
अजय कुमार, पालीगंज। पालीगंज की बेटी डॉ. ऋचा मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रखंड के बालीपाकर गांव निवासी कैप्टन हरि शंकर मिश्र की पुत्री डॉ. ऋचा मिश्रा को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में 13 नवंबर को रॉबर्ट कोच फाउंडेशन की ओर से पोस्टडॉक्टोरल वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उन्हें यह सम्मान हाइजीन एवं माइक्रोबायोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध के लिए प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से पालीगंज सहित पूरे बिहार का मान बढ़ा है।
टीबी के इलाज में कर रही हैं शोध
डॉ. ऋचा का शोध तपेदिक (टीबी) के बैक्टीरिया की प्रतिरोधक क्षमता और उसके जीवित रहने की रणनीतियों को समझने पर केंद्रित है। वह इस बात का अध्ययन कर रही हैं कि टीबी के बैक्टीरिया किस प्रकार दवाओं के प्रति कम संवेदनशील हो जाते हैं और इस चुनौती से निपटने के लिए नए उपचार के रास्ते कैसे विकसित किए जा सकते हैं।
उनके शोध से भविष्य में टीबी के इलाज को अधिक प्रभावी बनाने और उपचार की अवधि कम करने की संभावनाएं हैं।
पहले भी मिल चुकी है अंतरराष्ट्रीय पहचान
उनकी वैज्ञानिक उपलब्धियों को इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल चुकी है। वर्ष 2021 में उन्हें टीएनक्यू टेक्नोलॉजीज का इंस्पायरिंग साइंस अवार्ड तथा 2024 में स्विस टीबी अवार्ड मिला था। वह स्विट्जरलैंड और जर्मनी में वैज्ञानिक शोध से जुड़ी रही हैं तथा वर्तमान में हीडलबर्ग विश्वविद्यालय में शोध कार्य कर रही हैं।
बालीपाकर गांव से अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच तक पहुंची डॉ. ऋचा की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी उपलब्धि पर पिता कैप्टन हरि शंकर मिश्र सहित परिवार और गांव के लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।