विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना के पालीगंज के गांव से हावर्ड विश्वविद्यालय तक का सफर, अब जर्मनी में सम्मानित होंगी डॉ. ऋचा मिश्रा

Published: Sat, 07 Nov 2026 09:45 AM (IST)

पालीगंज, पटना की डॉ. ऋचा मिश्रा को टीबी के दवा प्रतिरोधी बैक्टीरिया पर उनके शोध के लिए बर्लिन में रॉबर्ट कोच फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

पालीगंज की डॉ. ऋचा टीबी पर कर रहीं र‍िसर्च। फाइल

पालीगंज की डॉ. ऋचा टीबी पर कर रहीं र‍िसर्च। फाइल

HighLights

  1. डॉ. ऋचा मिश्रा को बर्लिन में वैज्ञानिक पुरस्कार मिलेगा।

  2. उनका शोध टीबी के दवा प्रतिरोध पर केंद्रित है।

  3. हावर्ड विश्वविद्यालय की वैज्ञानिक ने बिहार का मान बढ़ाया।

अजय, पालीगंज (पटना)। बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर न केवल परिवार, बल्कि समाज और देश का नाम भी रोशन कर रही हैं।

पालीगंज प्रखंड के बालीपाकर गांव निवासी कैप्टन हरि शंकर मिश्र की पुत्री डॉ. ऋचा मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर बिहार का मान बढ़ाया है।

हावर्ड विश्वविद्यालय में हाइजीन एवं माइक्रोबायोलॉजी के क्षेत्र में शोधरत डॉ. ऋचा मिश्रा को 13 नवंबर 2026 को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में रॉबर्ट कोच फाउंडेशन की ओर से वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

TB के प्रभावी उपचार में मिल सकती है सहायता 

डॉ. ऋचा का शोध तपेदिक (TB) के बैक्टीरिया में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने की प्रक्रिया को समझने और इसे कम करने के उपाय तलाशने पर केंद्रित है।

उनके शोध से टीबी के इलाज को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संभावनाएं सामने आई हैं। चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में उनके इस शोध को अहम माना जा रहा है।

टीबी दुनिया की गंभीर संक्रामक बीमारियों में शामिल है। हर वर्ष लाखों लोग इससे प्रभावित होते हैं। इसके इलाज में बैक्टीरिया का दवाओं के प्रति प्रतिरोधी हो जाना एक बड़ी चुनौती है।

डॉ. ऋचा ने अपने शोध के माध्यम से इस चुनौती से निपटने के वैज्ञानिक उपायों पर काम किया है। उनके शोध के निष्कर्ष भविष्य में टीबी के बेहतर उपचार और दवाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने में मददगार साबित हो सकते हैं।

डॉ. ऋचा मिश्रा की वैज्ञानिक उपलब्धियों को पहले भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल चुकी है। उन्हें वर्ष 2021 में टीएनक्यू टेक्नोलॉजीज का इंस्पायरिंग साइंस अवार्ड मिला था।

जर्मनी के हीडलबर्ग यूनिवर्सिटी से पोस्‍ट डॉक्‍टरल शोध 

वर्ष 2024 में उन्हें स्विस टीबी अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। वह जर्मनी के हीडलबर्ग विश्वविद्यालय में पोस्ट डॉक्टरल शोध भी कर चुकी हैं।

पालीगंज के छोटे से गांव बालीपाकर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जगत में पहचान बनाना क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।

उनकी सफलता संदेश देती है कि अवसर और मेहनत के बल पर बेटियां दुनिया के किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।

डॉ. ऋचा की इस उपलब्धि से उनके पिता कैप्टन हरि शंकर मिश्र सहित परिवार और गांव के लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता पालीगंज ही नहीं, पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।