डोमिनोज और मैकडॉनल्ड्स में मिलीं भारी कमियां, विभाग ने पटना में 32000 की पिज्जा स्क्रीन कराई नष्ट
पटना में स्वास्थ्य विभाग ने मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

डोमिनोज के 160 खराब पिज्जा स्क्रीन नष्ट। (जागरण)
HighLights
डोमिनोज के 160 खराब पिज्जा स्क्रीन नष्ट किए गए।
मैकडॉनल्ड्स में कचरा डिब्बा खुला, कीट नियंत्रण में कमी।
दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए 14 दिन का नोटिस।
जागरण संवाददाता, पटना। शहर में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाई है। शनिवार को मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान डोमिनोज के दो आउटलेट से करीब 160 खराब पिज्जा स्क्रीन बरामद हुईं, जिन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इनकी कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं, मैकडॉनल्ड्स में कचरे का डिब्बा खुला रखने, कीट नियंत्रण की समुचित व्यवस्था नहीं होने और मेनू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी नहीं होने जैसी कमियां मिलीं।
स्वास्थ्य सचिव सह खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण, तापमान की निगरानी और कीट नियंत्रण की व्यवस्था की जांच की गई।
दोनों प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुधार नोटिस भी जारी किया गया है।
डोमिनोज में ड्रेनेज और भंडारण व्यवस्था में खामियां
कदमकुआं स्थित एम्बिशन ओझा प्लाजा और कंकड़बाग के लोहिया नगर स्थित डोमिनोज आउटलेट की जांच में कई कमियां सामने आईं।
लोहिया नगर के आउटलेट में करीब 110 और कदमकुआं के आउटलेट में लगभग 50 खराब पिज्जा स्क्रीन मिलीं। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38(4) के तहत इन्हें मौके पर नष्ट करा दिया।
निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज सिस्टम, कटिंग बोर्ड और शेल्फ की साफ-सफाई में कमी पाई गई। डीप फ्रीजर के तापमान की निगरानी से संबंधित लाग बुक और स्टोर में कच्चे माल का रिकार्ड भी उपलब्ध नहीं था।
कुछ स्थानों पर पानी जमा मिला। ग्राहकों के इस्तेमाल के लिए रखी सास की बोतलों की सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। कीट नियंत्रण रिपोर्ट में निर्धारित तिथि का उल्लेख नहीं पाया गया।
अलग-अलग वेज-नन वेज रखने के निर्देश
अधिकारियों ने वेज और नानवेज खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण का निर्देश दिया।
तापमान लाग बुक, कच्चे माल के रिकॉर्ड और कीट नियंत्रण रिपोर्ट को नियमित रूप से संधारित करने के साथ मेनू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी प्रदर्शित करने को भी कहा गया है।
मैकडॉनल्ड्स में खुला मिला कचरे का डिब्बा
ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट के निरीक्षण में भंडार गृह की साफ-सफाई संतोषजनक मिली। कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध थे।
हालांकि, कचरे का डिब्बा खुला मिला और मुख्य दरवाजे पर कीटों को रोकने के लिए एंटी-इन्सेक्ट डोरमैट नहीं था। सार्वजनिक मेनू कार्ड पर खाद्य पदार्थों से संबंधित एलर्जी की चेतावनी भी नहीं दी गई थी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सात दिनों के भीतर स्वच्छता संबंधी कमियां दूर करने, कचरे के डिब्बे को ढककर रखने और कीट नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मस्टर्ड सॉस का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
14 दिनों में देना होगा सुधार का प्रमाण
दोनों प्रतिष्ठानों को कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि के बाद सुधारात्मक कार्रवाई का प्रमाण खाद्य सुरक्षा विभाग के कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
निर्देशों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार लाइसेंस निलंबित या रद करने की कार्रवाई की जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने की हिदायत दी है।
अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, तापमान की नियमित निगरानी और कीट नियंत्रण बेहद जरूरी हैं।
कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखना भी अनिवार्य सावधानियों में शामिल है। आम लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- विमानों के लिए आफत बनीं चीलें, पटना एयरपोर्ट पर बर्ड हिट रोकने को लगेंगे रिफ्लेक्टिव रिबन
