दीपावली में घर लौटने वालों की बढ़ीं मुश्किलें, पटना में 27 घंटे 37 मिनट तक लेट पहुंच रहीं ट्रेनें
दीपावली पर घर लौट रहे यात्रियों को पटना में ट्रेनों की भारी देरी का सामना करना पड़ रहा है, कुछ ...और पढ़ें

साफ-सफाई की कमी से भी यात्री परेशान
HighLights
ट्रेनें 27 घंटे 37 मिनट तक देरी से पहुंच रही हैं पटना।
पेंट्रीकार न होने से खानपान की गंभीर समस्या हुई।
शौचालयों की साफ-सफाई न होने से यात्री परेशान।
जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली पर घर लौट रहे यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। पटना और दानापुर आने वाली लंबी दूरी की कई एक्सप्रेस, पूजा स्पेशल और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। लेटलतीफी का आलम यह है कि कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से 27 घंटे 37 मिनट तक देरी से पहुंच रही हैं।
इससे दूसरे राज्यों से बिहार लौटने वाले यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। खासकर दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से आने वाली ट्रेनों की देरी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।
मधुबनी स्पेशल 27 घंटे 37 मिनट लेट
रेलवे के ट्रेन परिचालन संबंधी अपडेट के अनुसार, मधुबनी स्पेशल (09035) सबसे अधिक 27 घंटे 37 मिनट विलंब से चल रही है। वहीं, उधना जंक्शन-जयनगर स्पेशल (09076) 19 घंटे 30 मिनट की देरी से संचालित हो रही है।
लंबी दूरी की ट्रेनों में इतनी देरी के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ रही है। परिवार और बच्चों के साथ सफर कर रहे लोगों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
11 घंटे से अधिक विलंब से चल रहीं कई ट्रेनें
नई दिल्ली से आने वाली पूजा स्पेशल (04053) 11 घंटे 30 मिनट विलंब से चल रही है। एसएमवीटी बेंगलुरु से आने वाली दानापुर एसएफ एक्सप्रेस (22366) भी 11 घंटे से अधिक की देरी से चल रही है।
वहीं, चरलापल्ली-पटना स्पेशल (03254) 10 घंटे 22 मिनट और हुबली फेस्टिवल स्पेशल (07316) 10 घंटे एक मिनट विलंब से संचालित हो रही है।
इसके अलावा शकूरबस्ती जनसाधारण फेस्टिवल स्पेशल (04403) पांच घंटे, संघमित्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12296) चार घंटे 15 मिनट और पटना स्पेशल वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल (02436) दो घंटे सात मिनट की देरी से चल रही है।
पेंट्रीकार नहीं होने से खानपान की समस्या
फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों में पेंट्रीकार की सुविधा नहीं होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। पांच से 27 घंटे तक की देरी के कारण यात्रियों को खाने-पीने के सामान के लिए भटकना पड़ रहा है। रास्ते के स्टेशनों पर पर्याप्त ठहराव नहीं मिलने से वे जरूरी खाद्य सामग्री भी नहीं खरीद पा रहे हैं।
साफ-सफाई की कमी से भी यात्री परेशान
लंबी यात्रा के दौरान शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ रही है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने रेलवे से स्पेशल ट्रेनों में खानपान और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
रेलवे की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल एप पर अपनी ट्रेन की स्थिति और पहुंचने के संभावित समय की जानकारी जरूर ले लें। इससे स्टेशन पर अनावश्यक इंतजार से बचा जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।