बजट 500 रुपये और लुक लाखों का, दीपावली पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी बनी महिलाओं की पहली पसंद
दीपावली पर सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के कारण महिलाएं आर्टिफिशियल ज्वेलरी को प्राथमिकता दे रही हैं। पटना के चूड़ी मार्केट ...और पढ़ें

बदल रहा शृंगार का ट्रेंड
HighLights
सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों से आर्टिफिशियल ज्वेलरी बनी महिलाओं की पसंद।
पटना के चूड़ी मार्केट में कम दाम में मिलते आकर्षक डिजाइन।
महिलाएं बजट में कई डिजाइन खरीदकर फेस्टिव लुक तैयार कर रहीं।
जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली पर इस बार शृंगार का अंदाज बदल रहा है। सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के बीच महिलाएं अपने फेस्टिव लुक से समझौता करने के बजाय आर्टिफिशियल ज्वेलरी का रुख कर रही हैं। कम कीमत में शाही अंदाज और डिजाइन की भरमार ने इन गहनों को बाजार में खास बना दिया है।
पटना के चूड़ी मार्केट में इन दिनों झुमके, कुंदन सेट, चोकर और आक्सीडाइज्ड ज्वेलरी की खूब मांग है। खास बात यह है कि 150 रुपये से खरीदारी शुरू कर महिलाएं अपने बजट में पूरा शृंगार तैयार कर रही हैं। अब महंगे गहनों के बजाय ड्रेस से मैच करते अलग-अलग डिजाइन खरीदने का चलन भी पसंद किया जा रहा है।
एक ही बजट में कई डिजाइन, बदल रहा शृंगार का ट्रेंड
पहले जहां त्योहारों पर महिलाएं किसी एक खास गहने की खरीदारी करती थीं, वहीं अब कम कीमत में कई डिजाइन खरीदने को प्राथमिकता दे रही हैं।
चूड़ी मार्केट की दुकानों में सजे रंग-बिरंगे झुमके, नेकलेस, चोकर और स्टोन वर्क वाले सेट ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। सामान्य ईयररिंग और छोटे झुमके 150 से 500 रुपये तक उपलब्ध हैं।
वहीं, आक्सीडाइज्ड ज्वेलरी सेट 400 से 900 रुपये और डिजाइनर चोकर व कुंदन सेट 800 से 2500 रुपये तक मिल रहे हैं। भारी डिजाइन और अधिक कारीगरी वाले सेट की कीमत इससे ज्यादा भी हो सकती है।
साड़ी हो या सूट, हर ड्रेस के लिए अलग ज्वेलरी
फेस्टिव फैशन में अब मैचिंग ज्वेलरी का खास महत्व हो गया है। महिलाएं अपनी साड़ी, सूट और दूसरे परिधानों के हिसाब से गहने पसंद कर रही हैं।
साड़ी के साथ पारंपरिक कुंदन और पोलकी डिजाइन के हार पसंद किए जा रहे हैं, जबकि सूट के साथ हल्के नेकलेस और छोटे ईयररिंग की मांग है। युवतियां अमेरिकन डायमंड और आक्सीडाइज्ड ज्वेलरी के नए डिजाइन तलाश रही हैं। कम कीमत में विकल्प मिलने से एक ही त्योहार के लिए कई तरह के लुक तैयार करना आसान हो रहा है।
कुंदन से लेकर आक्सीडाइज्ड तक, डिजाइन की भरमार
बाजार में पारंपरिक और मॉडर्न दोनों तरह की ज्वेलरी उपलब्ध है। रंगीन नगों वाले कुंदन सेट, स्टोन वर्क के चोकर और आकर्षक झुमके महिलाओं को पसंद आ रहे हैं।
वहीं, हल्के गहने पसंद करने वाली युवतियां छोटे ईयररिंग और मिनिमल नेकलेस चुन रही हैं। दुकानदारों के अनुसार, ग्राहक अब केवल कीमत नहीं, बल्कि डिजाइन और पोशाक के साथ उसकी मैचिंग पर भी ध्यान दे रहे हैं।
ग्राहकों को बजट में मिल रहा पसंद का शृंगार
चूड़ी मार्केट की दिव्या कुमारी बताती हैं कि त्योहार के समय महिलाएं अपनी ड्रेस के हिसाब से गहने खरीदने आती हैं। कई ग्राहक एक साथ अलग-अलग डिजाइन देखती हैं और पहनकर उनकी मैचिंग भी करती हैं। किसी को हल्के झुमके पसंद आते हैं तो कोई त्योहार के लिए हैवी और आकर्षक सेट तलाशती हैं।
वहीं, आशीष कुमार के अनुसार, आर्टिफिशियल ज्वेलरी की खासियत है कि इसमें अलग-अलग बजट में कई तरह के डिजाइन मिल जाते हैं।
दीपावली पर पारंपरिक और नए फैशन, दोनों तरह के गहनों की मांग रहती है। यही वजह है कि बाजार में ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखकर कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं।
यह भी पढ़ें- दीपावली पर घर में जरूर रखें ये 12 चीजें, धन पोटली से जुड़ी हैं मां लक्ष्मी की कृपा और सुख-समृद्धि की मान्यताएं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।