विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में Dhanteras पर सजा सेकेंड हैंड गाड़ियों का बाजार, स्कॉर्पियो और इनोवा की सबसे ज्यादा डिमांड

Published: Thu, 05 Nov 2026 03:10 PM (IST)

धनतेरस पर पटना में पुरानी गाड़ियों का बाजार गुलजार है, जहां लोग कम कीमत में बेहतर मॉडल और फीचर्स वाली गाड़ियां पसंद कर रहे हैं।

सेकेंड हैंड गाड़ियों का बाजार

सेकेंड हैंड गाड़ियों का बाजार

HighLights

  1. धनतेरस पर पटना में पुरानी गाड़ियों की मांग बढ़ी।

  2. स्कॉर्पियो और इनोवा जैसी गाड़ियों की सबसे अधिक डिमांड।

  3. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने पुरानी कारों की बिक्री को बढ़ाया।

जागरण संवाददाता, पटना। धनतेरस पर नई गाड़ी पर लाखों रुपये खर्च करने की बजाय बड़ी संख्या में लोग सेकंड हैंड यानी पुरानी गाड़ियों का विकल्प तलाश रहे हैं। कम कीमत में बेहतर माडल, ज्यादा फीचर्स और अपनी पसंद की गाड़ी मिलने की संभावना ने पुराने वाहनों के बाजार को नई रफ्तार दी है। 

विद्रोही कार बाजार के ऑनर विकास कुमार बताते हैं कि शहर में एसयूवी से लेकर सेडान और छोटी फैमिली कारों तक की मांग बनी हुई है। खासकर कमर्शियल इस्तेमाल के लिए स्कार्पियो, स्विफ्ट डिजायर, इनोवा और औरा जैसी गाड़ियों को लेकर ग्राहकों की दिलचस्पी अधिक देखी जा रही है। 

ग्राहक स्कार्पियो की तलाश कर रहे

वहीं, मध्यमवर्गीय परिवार टाटा पंच, वैगनआर और आइ-20 जैसी गाड़ियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। सेकंड हैंड गाड़ियों के बाजार में ग्राहकों की पसंद उनके बजट और जरूरत के हिसाब से अलग-अलग है। बड़ी गाड़ी और बेहतर सड़क उपस्थिति चाहने वाले ग्राहक स्कार्पियो की तलाश कर रहे हैं। 

वहीं, इनोवा की मांग उन लोगों के बीच है, जिन्हें परिवार के साथ लंबी दूरी की यात्रा करनी होती है। व्यावसायिक इस्तेमाल और निजी यात्रा दोनों के लिए स्विफ्ट डिजायर एवं औरा जैसे सेडान माडल पसंद किए जा रहे हैं।

मेंटेनेंस पर ज्यादा फोकस करते ग्राहक

पाटलिपुत्र कार बाजार के मालिक जितेंद्र बताते हैं कि छोटी गाड़ियों के रखरखाव और ईंधन खर्च पर ग्राहकों का ज्यादा ध्यान रहता है। सेकेंड हैंड कार विक्रेता ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग तरह के ऑफर दे रहे हैं। 

कुछ जगहों पर गाड़ी की बुकिंग कराने पर विशेष छूट दी जा रही है। इसके अलावा ग्राहकों को उपहार देने की पेशकश भी की जा रही है। पुरानी गाड़ी खरीदने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि नई गाड़ी की तुलना में कम कीमत में बड़ा माडल मिल सकता है। 

81878119

नई गाड़ी खरीदने पर शुरुआती वर्षों में कीमत में होने वाली गिरावट का असर पहले मालिक को झेलना पड़ता है। सेकंड हैंड गाड़ी खरीदने वाले को तुलनात्मक रूप से कम कीमत पर वाहन मिल जाता है।

विक्रेताओं की संख्या बढ़ी तो प्रति शोरूम सेलिंग गिरी

सेकेंड हैंड कार विक्रेता विकास कुमार बताते हैं कि इस धंधे में पांच से छह साल पहले सेलिंग रेसियो अधिक था, क्योंकि पटना में सेकेंड हैंड कार विक्रेताओं की संख्या कम थी। एक महीने में 10 से 12 कारें बिक जाती थीं। अब विक्रेताओं की संख्या बढ़ने के कारण बिक्री कम हो रही है। 

81878132

विकास बताते हैं कि कार लगाने की जगह नहीं रहती है। अगर कार पार्किंग में खड़ी है तो उसका अधिक जुर्माना वसूला जाता है। इसके अलावा जो काम 1050 रुपये के आसपास गाड़ी ट्रांसफर होता है, लेकिन सही तरीके से कराने में पसीने छूट जाते हैं 100 में से एक का भी सही तरीके से नहीं हो पाता है। इसका नतीजा है कि दलालों द्वारा अधिक रुपये मांगे जाते हैं।

ऑनलाइन प्लेटफार्म से पुरानी कारों की खरीद-बिक्री में तेजी

ऑनलाइन प्लेटफार्म के बढ़ते चलन से पुरानी कारों की खरीद-बिक्री में तेजी आई है। ओएलएक्स, कारदेखो, कार-24 और अन्य यूज्ड कार प्लेटफार्म के माध्यम से लोग संपर्क कर अपनी पसंद की गाड़ी खरीद रहे हैं। इससे खरीदारों को घर बैठे कई कारों के मॉडल, कीमत, माइलेज और कंडीशन की जानकारी मिल जाती है। 

81878148

अलग-अलग गाड़ियों की तुलना करना भी आसान हो गया है। वहीं, कार मालिकों को बिना बिचौलियों के अपनी गाड़ी बेचने का मौका मिल रहा है। इससे समय और पैसे की बचत होती है तथा बाजार में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा बढ़ती है।

ठगी से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

  • वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी), चेसिस नंबर और इंजन नंबर का मिलान
  • वाहन पर किसी बैंक या वित्तीय संस्थान का बकाया कर्ज तो नहीं है
  • गाड़ी का बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और फिटनेस से जुड़े दस्तावेज भी देखें
  • वाहन के चालान और दुर्घटना से जुड़े पुराने रिकॉर्ड भी चेक करें
  • भरोसेमंद मैकेनिक से इंजन, गियर बॉक्स, क्लच, सस्पेंशन, टायर और ब्रेक की जांच कराएं
  • गाड़ी को खुद चलाकर टेस्ट ड्राइव भी जरूर लें
  • खाली कागज पर हस्ताक्षर करने, बिना रसीद भुगतान करने और असामान्य रूप से कम कीमत के लालच में आने से बचें। बुकिंग या खरीदारी से पहले भुगतान की शर्तें लिखित में लें।

यह भी पढ़ें- धनतेरस 2026: सोना, चांदी, वाहन या बर्तन… किस मुहूर्त में क्या खरीदना रहेगा शुभ? पूजा का समय और चौघड़िया भी जानें


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।