पटना में ऑटो एजेंट को पकड़ने पर भड़का दरोगा, सिपाही की पिटाई कर तानी पिस्टल
दानापुर रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो एजेंट को पकड़ने पर दरोगा और सिपाही के बीच विवाद हो गया। आरोप है ...और पढ़ें

सिपाही अपनी चोट दिखाते हुए। जागरण
HighLights
दरोगा राजेश राम पर सिपाही की पिटाई का आरोप।
खगौल थाने में पिस्टल तानने की घटना हुई।
दानापुर रेलवे स्टेशन पर अवैध वसूली से विवाद।
संवाद सूत्र, खगौल। दानापुर रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो चालक से पार्किंग के नाम पर कथित अवैध वसूली कर रहे एक एजेंट को पकड़ने पर दरोगा और सिपाही के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि खगौल थाने पहुंचने के बाद दरोगा राजेश राम ने सिपाही सह चालक संजीत कुमार की पिटाई कर दी और पिस्टल निकालकर उस पर तान दी।
घटना के दौरान थाना परिसर में अफरातफरी मच गई। बीच-बचाव करने पहुंची महिला सिपाही काजल कुमारी से भी अभद्रता किए जाने का आरोप है।
शनिवार की शाम दानापुर रेलवे स्टेशन के बाहर वाहनों की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान गश्ती दल में शामिल सिपाही संजीत कुमार की नजर सड़क पर आटो से पार्किंग के नाम पर कथित वसूली कर रहे एक एजेंट पर पड़ी।
सिपाही ने एजेंट को पकड़कर गश्ती वाहन में बैठा लिया। इस कार्रवाई से दरोगा राजेश राम नाराज हो गए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
सिपाही संजीत के अनुसार, दरोगा ने खुद को अधिकारी बताते हुए उसके साथ गाली-गलौज की और उसे छोटा मुलाजिम कहकर अपमानित किया।
आरोप है कि थाने पहुंचने पर विवाद और बढ़ गया। वाहन से उतरते ही दरोगा ने संजीत को पकड़कर लात-घूंसे से पीटना शुरू कर दिया। बचाव में सिपाही ने डंडा उठाया तो दरोगा ने कमर से पिस्टल निकालकर गोली मारने की धमकी दी।
शोरगुल सुनकर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची महिला सिपाही काजल कुमारी से भी कथित तौर पर गाली-गलौज की गई। इससे आहत महिला सिपाही रोते हुए थाने के अंदर चली गई।
हालांकि, दारोगा राजेश राम ने पिटाई और पिस्टल तानने के आरोपों को गलत बताया है। थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर वरीय अधिकारियों को कार्रवाई के लिए लिखित आवेदन दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- पटना के मोकीमपुर में जमीन विवाद पर अंधाधुंध फायरिंग, घोड़े की मौत से गांव में दहशत
