भाकपा माले के वरिष्ठ नेता स्वदेश भट्टाचार्य का पटना में निधन, पार्टी में शोक की लहर
भाकपा माले के वरिष्ठ नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य स्वदेश भट्टाचार्य का पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

भाकपा माले के वरिष्ठ नेता स्वदेश भट्टाचार्य। (फाइल फोटो)
HighLights
भाकपा माले के वरिष्ठ नेता स्वदेश भट्टाचार्य का निधन।
वे पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य और केंद्रीय प्रभारी थे।
उनका अंतिम संस्कार 2 नवंबर को पटना में किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। भाकपा माले के वरिष्ठ नेता स्वदेश भट्टाचार्य का निधन पटना के एक निजी अस्पताल में हो गया। वे पार्टी के केंद्रीय संगठन विभाग के प्रभारी और पोलित ब्यूरो के सदस्य थे।
उनके निधन को पार्टी ने अपूरणीय क्षति बताया और मुख्यालय में पार्टी का झंडा झुका दिया। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर पटना से आरा ले जाया गया, जहां के क्रांति पार्क में रविवार को सुबह आठ बजे तक आमलोगों के दर्शनार्थ उनका पार्थिव शरीर रहेगा।
इसके बाद उन्हें श्रद्धांजलि एवं अंतिम विदाई देने के बाद उनका पार्थिव शरीर को आरा से पटना लाया जाएगा और न्यू एमएलए फ्लैट, वीरचंद पटेल पथ में अंतिम दशनार्थ रखा जाएगा।
दो नवंबर को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा में महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य समेत कई प्रदेशों के पार्टी के नेता शामिल होंगे। शनिवार को माले के राज्य सचिव कुणाल ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि स्वदेश भट्टाचार्य माले की पुनर्गठित केंद्रीय समिति के जुलाई 1974 से अब तक सदस्य थे। 28 जुलाई 1974 को गठित इस केंद्रीय समिति के अन्य दो सदस्य जौहर (सुब्रत दत्त) और विनोद मिश्र थे, जिन्होंने चारु मजूमदार के बाद पार्टी के महासचिव का दायित्व संभाला था।
स्वदेश भट्टाचार्य 1974 से 1980 तक पार्टी बिहार राज्य के सचिव भी रहे थे।
यह भी पढ़ें- युद्ध संवाददाता की नौकरी छूटी तो जेपी ने दिखाई राह, भोजपुर के आरके सिन्हा ने खड़ी कर दी 15 हजार करोड़ की कंपनी