यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CM नीतीश ने की मन की बात, कहा- कोई बिहारी ही दिल्ली का CM बने
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मेरी इच्छा है कि कोई बिहारी ही दिल्ली का सीएम बने। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के लिए कानून बनाने से काम नहीं चलेगा ।

पटना [जेएनएन]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मन की बात करते हुए कहा कि 'चाहता हूं की कोई बिहारी दिल्ली का सीएम बने और बिहार का कोई सिक्ख कनाडा का पीएम बने। उन्होंने कहा कि किसी की नीड (जरुरत) को तो पूरा किया जा सकता है, लेकिन किसी की ग्रीड (हवस) को पूरा नहीं किया जा सकता।
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में राजनीतिक चर्चा खूब होती है। लोग राजनीति में ज्यादा दिलचस्पी लेते हैं। चाय की दुकान हो, गांव की चौपाल हो, हर कोई यह जानना चाहता है कि देश में क्या हो रहा है?
नीतीश कुमार पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद को संबोधित कर रहे हैं। नीतीश ने कहा कि किसी भी सामाजिक अभियान को तबतक कामयाबी नहीं मिल सकती जबतक समाज के लोगों की मानसिकता नहीं बदलती।
उन्होंने शराबबंदी की चर्चा करते हुए कहा कि यह एक बहुत बड़ी चुनौती थी लेकिन लोगों के सहयोग से इसे कामयाबी मिल रही है।
उन्होंने कहा कि शराबबंदी इसीलिए लड़खड़ा जाती है क्योंकि कोई भी एेसा काम कानून बनाने से सफल नहीं होता बल्कि लोगों की मानसिकता को बदलने से ही इसपर कामयाबी पाई जा सकती है। तमाम लोगों ने इसे सफल बनाया है जिसका प्रमाण है करोड़ उन्नीस लाख लोगों ने शपथ लिया कि हम शराबबंदी के पक्ष में हैं और ना कभी शराब का सेवन करेंगे ना ही किसी को करने देंगे। यह एक बहुत बड़ी बात है।
यह भी पढ़ें: बर्थडे पर लगेगा लालू को ये झटका, BJP का दामन थामेंगे दो पुराने साथी
उन्होंने कहा कि कुछ विकृत मानसिकता के लोग हैं जिनकी वजह से इस समाज के भले के लिए गए फैसले पर ग्रहण लगा है। उन्होंने कहा कि अब शराबबंदी की तरह ही बाल-विवाह और दहेज प्रथा के लिए आवाज उठाएंगे और इन कुप्रथाओं को समाज से खत्म करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्ण नशाबंदी अब प्राथमिकता है।