विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मांझी के 'तिलचट्टे-झींगुर' वाले बयान पर चिराग पासवान का पलटवार, बोले- ये अपनी राजनीत‍ि साधने का प्रयास

Published: Sun, 11 Oct 2026 04:34 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी के 'तिलचट्टे और झींगुरों' वाले बयान पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा ...और पढ़ें

HighLights

  1. चिराग पासवान ने मांझी के 'तिलचट्टे' बयान पर कड़ी आपत्ति जताई।

  2. युवाओं को गलत ठहराना अपनी राजनीति साधने का प्रयास है।

  3. शांतिपूर्ण प्रदर्शन भारतीय लोकतंत्र का एक अभिन्न अंग है।

डिजिटल डेस्क, पटना। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के 'तिलचट्टे और झींगुरों' वाले बयान पर उनके कैबिनेट सहयोगी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नाराजगी जताई है।

चिराग ने कहा कि अपनी राजनीति साधने के लिए कुछ लोग भारत के युवाओं को कमजोर और गलत बताने में लगे हैं। युवाओं को अराजक बताने का प्रयास करते हैं। 

रविवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने मांझी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे लोग भूल जाते हैं। देश के युवाओं ने समय-समय पर भारत की दशा और दिशा बदलने का काम किया है।

आंदोलनों से ही ऐसे नेतृत्वकर्ता सामने आते हैं, जो दशकों तक देश को दिशा दिखाते रहे हैं। ऐसे में युवाओं को इस तरह के शब्दों से संबोधित करना कतई जायज नहीं है।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा

चिराग पासवान ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति हमेशा से रही है। आंदोलनों ने समय-समय पर देश को नई दिशा देने के साथ युवा चेहरों को नेतृत्व का अवसर भी दिया है।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी प्रदर्शन की आड़ में यदि असामाजिक तत्व सक्रिय होते हैं और अराजकता फैलाने की कोशिश करते हैं, तो उनकी पहचान करना जरूरी है।

चिराग ने कहा कि केवल अराजकता का माहौल पैदा करने की सोच के साथ आगे आने वालों को चिन्हित किया जाना चाहिए।

केंद्र सरकार ने अराजकता फैलाने की कोशिश को नियंत्रित किया

चिराग पासवान ने कहा कि हाल में देश में अराजकता का माहौल उत्पन्न करने की सोच को बल देने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे केंद्र सरकार ने नियंत्रित किया।

उन्होंने युवाओं के आंदोलनों और उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में पूरे युवा वर्ग को गलत ठहराना उचित नहीं है।

मांझी ने क्या कहा था?

दरअसल, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक्‍स पर पोस्‍ट कर दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के संदर्भ में बयान दिया था।

उन्होंने कहा था कि भारत शेर पैदा करने वाली धरती है। भारत माता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे शेरों को जन्म दिया है। इनके सामने न तिलचट्टे टिकने वाले हैं और न झि‍ंगुर।

उन्होंने 'भारत माता की जय', 'संविधान जिंदाबाद' और 'लोकतंत्र जिंदाबाद' के नारे भी लगाए थे। उनके इसी बयान पर चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है।

यह भी पढ़ें- 'भारत में मोदी-शाह जैसे शेर, कॉकरोच और झींगुरों से नहीं डरते', CJP प्रोटेस्ट पर जीतन राम मांझी ने साधा निशाना