विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में सेंध, नालंदा में सीएम के सामने पटाखा फेंका

By Akshay PandeyEdited By:
Published: Tue, 12 Apr 2022 04:11 PM (IST)Updated: Wed, 13 Apr 2022 08:11 AM (IST)

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर मंगलवार को दोबारा हमला करने की कोशिश की गई। नालंदा में जन संवाद कार्यक्रम ...और पढ़ें

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

जागरण टीम, पटना। बिहार के नालंदा में मंगलवार की दोपहर जन संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला सामने आया। आयोजन के दौरान लोगों से मिल रहे नीतीश कुमार के समीप ही एक युवक ने तेज आवाज वाला पटाखा फोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पटाखा नीतीश कुमार से करीब पांच से छह फीट दूर गिरा। इस पटाखे के कारण कार्यक्रम स्‍थल पर लगी कारपेट थोड़ी दूर तक जल गई। पटाखे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों के साथ ही सुरक्षा बल भी हरकत में आ गए। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मुख्‍यमंत्री को घेरे में ले लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया है।

पकड़े गए युवक ने कहा- राष्‍ट्रीय मुद्दे पर दिलाना चाहता था ध्‍यान 

पकड़े गए आरोपित की पहचान इस्लामपुर के सत्यारगंज निवासी स्व प्रमोद कुमार के 21 वर्षीय पुत्र शुभम आदित्य के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपित ने कहा कि वह राष्ट्रीय मुद्दे पर सीएम का ध्यान आकृष्ट कराना चाह रहा था। जन संवाद कार्यक्रम के दौरान लोगों का आवेदन ले रहे नीतीश ने जब उसकी नहीं सुनी तो उसने ऐसा किया। उसके पास से पटाखा और माचिस मिली है।

पटना में हुई थी हमले की कोशिश

विदित हो कि हाल के दिनाें में मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में सुरक्षा व्‍यवस्‍था में दोबारा ऐसी बड़ी चूक हुई है। पिछले दिनों पटना के बख्तियारपुर में एक युवक ने सीएम नीतीश पर हमले की कोशिश की थी। हालांकि, जांच में पता चला कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था।

खोजी कुत्ते भी सूंघ नहीं पाए विस्फोटक 

नालंदा में हुई घटना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शरारती तत्व माचिस और पटाखा लेकर सीएम के नजदीक तक चला गया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों को भनक तक नहीं लगी। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में थे, जहां स्पेशल ब्रांच के इंस्पेक्टर से लेकर सिपाहियों की तैनाती थी। वहीं, सामने वाले घेरे में एसपी और एएसपी रैंक के दो पदाधिकारी थे। नियमानुसार, कार्यक्रम से पूर्व श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ता स्थल का निरीक्षण करते हैं। कार्यक्रम पूरा होने तक दोनों स्क्वाड वहीं रहते हैं। इस घटना के बाद दोनों दस्ता की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: Blast in CM Nitish Programme: बिहार में सीएम नीतीश के कार्यक्रम में धमाका, पहले भी हाे चुके कई हमले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।