विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पर पटना में अभेद्य सुरक्षा घेरा! 3000 जवान, 500 अफसर और NDRF की तैनाती; 16 नवंबर तक निजी नावों पर रोक

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:56 AM (IST)

लोक आस्था के महापर्व छठ के लिए पटना में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिसमें हजारों पुलिसकर्मी, अधिकारी और एनडीआरएफ की टीमें तैनात हैं।

छठ पर पटना में अभेद्य सुरक्षा घेरा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

छठ पर पटना में अभेद्य सुरक्षा घेरा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. हजारों पुलिसकर्मी, अधिकारी और एनडीआरएफ टीमें तैनात।

  2. गंगा घाटों पर निजी नावों के संचालन पर रोक।

  3. श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यापक इंतजाम और निगरानी।

जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ में जब श्रद्धा का सैलाब गंगा के घाटों से लेकर शहर के तालाबों और पार्कों तक उमड़ेगा, तब राजधानी की सुरक्षा का जिम्मा हजारों पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों के कंधों पर होगा। 

चार दिवसीय अनुष्ठान के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए पटना में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गंगा के 90 घाटों, 66 तालाबों और 28 शहरी पार्कों को सुरक्षा घेरे में रखा गया है। 

शहर के 240 संवेदनशील और प्रमुख स्थलों पर तीन हजार पुलिस जवानों के साथ 500 से अधिक पुलिस अधिकारी और मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहेंगे। घाटों पर बचाव दल, दमकल, एंबुलेंस और सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि आस्था के इस महापर्व पर उत्सव की उमंग के बीच सुरक्षा में कोई चूक न हो।

रेलवे स्टेशनों से लेकर बड़े अस्पतालों तक विशेष निगरानी

पर्व के दौरान बाहर से आने वाले और जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए पटना जंक्शन के सभी 10 प्लेटफार्म पर आरपीएफ और जीआरपी के 100 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। तीन शिफ्टों में 30 मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। 

वहीं, किसी भी चिकित्सकीय आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए राजधानी के तीन प्रमुख अस्पतालों पीएमसीएच, एनएमसीएच और आइजीआइएमएस में भी तीन मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 

घाटों पर आगजनी या डूबने जैसी किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। शहर के 46 प्रमुख घाटों पर दमकल की गाड़ियों के साथ 450 अग्निशमन कर्मियों को तैनात किया गया है। 

गंगा नदी में सुरक्षा के लिहाज से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमें मोटरबोट के जरिए लगातार गश्त कर रही हैं। इसके साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पान्स टीम यानी क्यूआरटी को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

चेंजिंग रूम, हाई-मास्ट लाइट और सीसीटीवी से लैस हुए घाट

सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सहूलियत का भी पूरा ध्यान रखा गया है। सभी प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम, अस्थायी शौचालय, स्वच्छ पेयजल और दूधिया रोशनी के लिए हाई-मास्ट लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। 

बड़े घाटों पर ऊंचे वाच टावर और अस्थायी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां से सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग की ओर से घाटों पर मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।

निजी नावों और पटाखों पर रोक, यातायात के लिए विशेष प्लान लागू

सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने घाटों के आसपास पटाखे फोड़ने और 13 से 16 नवंबर तक गंगा नदी में निजी नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के दिन गंगा घाटों की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। 

व्रतियों के वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए अटल पथ और जेपी सेतु के नीचे अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी कंट्रोल रूम या पुलिस को दें।

यह भी पढ़ें- Bihar Weather Update: छठ के दोनों अर्घ्य पर कैसा रहेगा बिहार का मौसम? पटना मौसम केंद्र का बड़ा अपडेट जारी


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।