विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत पर ही बन जाएगा छठ घाट, पटना में बाथटब और स्विमिंग पूल की जबर्दस्त डिमांड; ₹300 से शुरू

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:00 AM (IST)

छठ महापर्व के लिए पटना में लोग गंगा घाटों की दूरी और भीड़ से बचने के लिए घरों में कृत्रिम ...और पढ़ें

छत पर ही बन जाएगा छठ घाट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

छत पर ही बन जाएगा छठ घाट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. छठ के लिए घर पर कृत्रिम घाट बनाने का चलन।

  2. बाथटब और पोर्टेबल स्विमिंग पूल की भारी मांग।

  3. छत पर पूल लगाने से पहले भार क्षमता जांचें।

जागरण संवाददाता, पटना। छठ महापर्व में गंगा घाट की रौनक और पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देने का दृश्य हर व्रती के मन में बसा होता है। लेकिन, जाम, भागदौड़, घाटों की दूरी और बुजुर्गों की सुविधा को देखते हुए अब कई परिवार घर की छत और आंगन में ही अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे हैं। 

इसी आस्था को घर तक लाने के लिए कृत्रिम घाट के लिए बाथटब और पोर्टेबल स्विमिंग पूल की खरीदारी हो रही है। दो फीट के छोटे पूल से लेकर 12 फीट तक के बड़े पूल उपलब्ध हैं। यानी जगह छोटी हो या बड़ी, छठ की तैयारी में अपना घाट बनाने का विकल्प मौजूद है।

300 रुपये से 10 हजार तक के पूल

बाजार में छठ के लिए अलग-अलग आकार और कीमत के पूल मिल रहे हैं। दो फीट के पूल की कीमत करीब 300 रुपये और तीन फीट के पूल की कीमत 500 रुपये है। आठ फीट का पूल 3200 रुपये में उपलब्ध है। 

वहीं, 10 फीट के पूल की कीमत करीब तीन हजार रुपये बताई गई है। बड़े आकार के पूल में करीब 2000 लीटर तक पानी भरने की क्षमता वाले विकल्प भी हैं। 12 फीट लंबे और सात फीट चौड़े पूल की कीमत करीब चार हजार रुपये है। मैट पूल और तिरपाल पूल वाले विकल्प भी करीब 10 हजार रुपये तक में उपलब्ध हैं। 

पूल की बनावट में भी कई विकल्प हैं। बिना हवा वाले पूल( एक्रिलिक बोर्ड) से बने चार से आठ फीट तक के हैं, जबकि हवा भरकर तैयार होने वाले पूल दो से 12 फीट तक के आकार में मिल रहे हैं। एक्रिलिक बोर्ड वाले पूल अपेक्षाकृत सस्ते हैं। लोग अपनी छत, आंगन और परिवार की जरूरत के हिसाब से इनका चुनाव कर रहे हैं।

छत पर पूल लगाने से पहले रखें सावधानी

छत पर पूल लगाने से पहले उसकी भार सहने की क्षमता की जांच जरूर कराएं। दो हजार लीटर पानी का वजन ही करीब दो टन होता है। इसलिए बिना जांच के छत पर बड़ा पूल न लगाएं। पूल को समतल और मजबूत जगह पर रखें। 

पूजा के दौरान दीपक, अगरबत्ती और धूप को पूल से दूर रखें। बिजली के तारों और उपकरणों को पानी से दूर रखें। आसपास फिसलन न होने दें और बच्चों को पानी के पास अकेला न छोड़ें।

छोटे बाथटब से लेकर बड़े पोर्टेबल स्विमिंग पूल तक के विकल्प उपलब्ध हैं। अपनी जगह और जरूरत के अनुसार पूल का चुनाव करें। -रतन कुमार, दुकानदार

बिना हवा वाले और हवा भरने वाले दोनों तरह के पूल मिल रहे हैं। इन्हें घर में आसानी से लगाया और इस्तेमाल के बाद समेटकर रखा जा सकता है। - शुभम अग्रवाल, दुकानदार

यह भी पढ़ें- डूबते सूरज को प्रणाम और समाज को समानता का पैगाम, छठी मइया की महिमा पर आया ऐसा गीत जहां कोई VIP नहीं


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।