विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chhath Puja 2026: आज खरना पूजा के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, नोट करें पूजा और अर्घ्य का शुभ मुहूर्त

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

छठ महापर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। आज खरना के दिन व्रती पूरे दिन ...और पढ़ें

पटना के गांधी घाट पर छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर गंगा स्नान करने जुटे श्रद्धालु। (जागरण)

पटना के गांधी घाट पर छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर गंगा स्नान करने जुटे श्रद्धालु। (जागरण)

HighLights

  1. खरना के दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखती हैं।

  2. शाम को खीर-रोटी का प्रसाद ग्रहण कर व्रत तोड़ती हैं।

  3. खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।

जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार को रवि योग में नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ।

पहले दिन व्रतियों ने गंगा सहित अन्य पवित्र जलाशयों में स्नान कर अरवा चावल, चना दाल, लौकी की सब्जी और आंवले की चटनी का प्रसाद ग्रहण किया।

इसी के साथ घरों में छठी मैया की आराधना और व्रत की तैयारियां शुरू हो गईं। शनिवार को कार्तिक शुक्ल पंचमी पर पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र और रवि योग में खरना की पूजा होगी।

पूरे दिन उपवास रखने के बाद व्रती शाम को भगवान भास्कर और छठी मैया की पूजा कर खीर-रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।

शुक्रवार को शहर के दीघा घाट, जर्नादन घाट, काली घाट, गांधी घाट आदि घाटों पर व्रतियों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगा कर भगवान सूर्य का पूजन किया। घाटों पर व्रतियों की भीड़ और छठ गीतों से घाटों का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पूरे दिन उपवास के बाद होगी खरना की पूजा

ज्योतिषाचार्य राकेश झा ने बताया कि छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना की विशेष परंपरा है। इस दिन व्रती पूरे दिन बिना अन्न-जल ग्रहण किए उपवास रखती हैं।

शाम को मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ गुड़, दूध और अरवा चावल से खीर तैयार करेंगी।

इसके बाद भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग अर्पित कर व्रती प्रसाद ग्रहण करती हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेंगी। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग कर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं।

कठिन तपस्या के लिए तैयार करता है खरना

खरना केवल पूजा की एक परंपरा नहीं, बल्कि छठ व्रत की कठिन साधना का महत्वपूर्ण पड़ाव है। खरना का प्रसाद व्रतियों के लिए अंतिम सात्विक भोजन माना जाता है।

यह उन्हें अगले 36 घंटे के निर्जला उपवास के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार करता है। खरना के बाद व्रती पूरी तरह संयम, पवित्रता और सूर्यदेव की आराधना में लीन हो जाती हैं। घरों में इस दिन विशेष स्वच्छता रखी जाती है और प्रसाद बनाने से लेकर पूजा तक हर कार्य पूरी श्रद्धा के साथ संपन्न किया जाता है।

लोक गीतों की मिठास के बीच तैयार होगा प्रसाद

खरना की शाम घरों में भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। व्रती और उनके परिवार के लोग पारंपरिक छठ गीत गाते हुए प्रसाद तैयार करेंगे।

मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से बनने वाली गुड़ की खीर और रोटी की सुगंध घर-आंगन को भक्तिमय बनाएगी। छठ के पारंपरिक गीतों में सूर्यदेव की महिमा, छठी मैया की आराधना और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना झलकती है। प्रसाद तैयार करने में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है।

ठेकुआ से लेकर गन्ने तक का विशेष महत्व

छठ पूजा में उपयोग होने वाली सामग्री का भी अपना धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। पूजा के लिए बांस की टोकरी और सूप, नारियल, शकरकंद, पत्तियों सहित गन्ना, अदरक, हल्दी, पान, सुपारी, कपूर, सिंदूर, चावल, दीपक, घी और गंगाजल सहित कई सामग्रियां जुटाई जाती हैं।

महापर्व का प्रमुख प्रसाद ठेकुआ है, जिसे गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार किया जाता है। खरना के बाद इन्हीं पारंपरिक सामग्रियों के साथ व्रती रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की तैयारी करेंगी। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।

खरना पूजा व सूर्य अर्घ्य मुहूर्त

  • खरना का पूजा: संध्या 05:22 बजे 07:46 बजे तक
  • अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य: संघ्या 05:24 बजे तक
  • उदयीमान सूर्य को अर्घ्य: सुबह 06:07 बजे के बाद

यह भी पढ़ें- छठ मनाने जापान से बिहार के गांव पहुंचीं टीचर मियामुरा, नहाय-खाय के साथ शुरू की पूजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।