Patna News: चेन्नई की फ्लाइट का पहिया पंक्चर, आधे घंटे तक विमान में ही बैठे रहे राज्यपाल समेत 175 यात्री
पटना से चेन्नई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई597 का पहिया पंक्चर हो गया। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर समेत 175 यात्री विमान में बैठे थे। पायलट को पहिया पंक्चर होने की जानकारी मिली जिसके बाद तकनीकी टीम ने 25 मिनट में मरम्मत की। इसके बाद विमान ने गंतव्य के लिए उड़ान भरी। यह राज्यपाल को हवाई सफर में सात दिनों के भीतर दूसरी बार परेशानी का सामना करना पड़ा।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना से चेन्नई के लिए सोमवार को उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट का पहिया पंक्चर हो गया। यह जानकारी पायलट को उस वक्त हुई, जब राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर समेत 175 यात्री विमान में बैठ चुके थे। पहिया बदले जाने तक सभी यात्री और क्रू मेंबर विमान में ही बैठे रहे।
आधे घंटे बाद पंक्चर ठीक कर विमान ने गंतव्य के लिए उड़ान भरी। सात दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब राज्यपाल को हवाई सफर में परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे पहले चंडीगढ़ के विमान में देरी की वजह से वे पटना एयरपोर्ट से राजभवन लौट गए थे।
25 मिनट में की गई पहिये की मरम्मत
बताया जाता है कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई597 सोमवार की दोपहर ढाई बजे चेन्नई के लिए टेकऑफ करने वाली थी। इसी विमान से राज्यपाल को भी जाना था। उन्हें मिलाकर 175 यात्री विमान में सवार हो चुके थे। इस बीच पायलट को विमान के पंक्चर होने की जानकारी हुई।
उन्होंने तत्काल विमानन कंपनी के स्थानीय अधिकारियों और एटीसी को सूचित किया, जिसके बाद फ्लाइट को पार्किंग में खड़ा कर दिया गया। तकनीकी टीम ने 25 मिनट में ही पहिये की मरम्मत कर दी।
दूसरी टीम ने विमान का पुन: परीक्षण किया और पूरी तरह आश्वस्त होने पर टेकऑफ की अनुमति दी। इस दौरान यात्री विमान में ही बैठे रहे। यात्रियों को तकनीकी खराबी के बारे में लगातार अपडेट किया जाता रहा।

गुवाहाटी की फ्लाइट रद्द, आठ जोड़ी विमान लेट
ठंड के दस्तक देते ही विमानों की लेटलतीफी और रद्द होने का सिलसिला शुरू हो गया है। स्पाइसजेट की गुवाहाटी-पटना-गुवाहाटी फ्लाइट सोमवार को रद्द रही। इसके अलावा आठ जोड़ी विमानों का परिचालन देर से हुआ। पहली फ्लाइट सुबह 6:57 मिनट पर पटना पहुंची थी।
बताया जाता है कि हैदराबाद-पटना (6ई6382) 42 मिनट, दिल्ली-पटना (6ई2373) 20 मिनट, बेंगलुरु-पटना (एसजी531) दो घंटा एक मिनट, दिल्ली-पटना (एआइ407) एक घंटा 40 मिनट, दिल्ली-पटना (6ई2425) 36 मिनट, अहमदाबाद-पटना (एसजी534) दो घंटा 49 मिनट, मुंबई-पटना (6ई5173) 32 मिनट और दिल्ली-पटना (6ई5008) 32 मिनट देरी से पटना पहुंचीं।
इधर, अहमदाबाद-पटना फ्लाइट में देरी की वजह से यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की। काफी देर तक विमान लैंड होने का समय प्रसारित नहीं किया जा रहा था। इसी विमान को वापस अहमदाबाद जाना था।
इस कारण पटना से उड़ान भरने वाले यात्री परेशान रहे। हंगामा होने से पहले ही विमानन कंपनी के अधिकारियों ने हालात पर काबू पा लिया, लेकिन यात्री उन्हें कोसते रहे।
यह भी पढ़ें-
Flights Cancel From Patna: यात्रियों के लिए बुरी खबर, पटना से इन शहरों के लिए रद्द हुई सीधी फ्लाइटें
खराब मौसम के कारण दरभंगा आने-जाने वाली सभी फ्लाइट रद्द, करीब 2 हजार यात्री परेशान

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।