चना दाल घोटाले में MLC सुनील सिंह के बाद पत्नी और बेटे से ED की पूछताछ, बैंक खातों का खंगाला ब्योरा
ईडी ने राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह के परिवार से चना दाल आपूर्ति धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ की है।

राजद एमएलसी सुनील सिंह की फैमिली से हुई पूछताछ। (जागरण)
HighLights
ईडी ने राजद एमएलसी सुनील सिंह के परिवार से पूछताछ की।
चना दाल आपूर्ति धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का मामला।
सहकारी समितियों के बैंक खातों में जमा रकम की जांच।
राज्य ब्यूरो, पटना। चना दाल की आपूर्ति के नाम पर धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह के परिवार से पूछताछ शुरू कर दी है।
गुरुवार को सुनील सिंह से करीब आठ घंटे तक पूछताछ करने के बाद शुक्रवार को उनकी पत्नी वंदना सिंह और बेटे यशस्वी सिंह को पटना स्थित क्षेत्रीय कार्यालय बुलाया गया। दोनों से अलग-अलग कमरों में बैठाकर घंटों पूछताछ की गई।
ईडी की जांच का मुख्य केंद्र सहकारी समितियों के बैंक खातों में जमा रकम और उसके इस्तेमाल का ब्योरा रहा। अधिकारियों ने दोनों से खातों में आई राशि, उसके हस्तांतरण और आगे हुए लेन-देन के संबंध में जानकारी ली। साथ ही उनके बयानों का मिलान सुनील सिंह से एक दिन पहले हुई पूछताछ में मिले तथ्यों से किया जा रहा है।
2025 का है मामला
यह मामला जून 2025 में गर्दनीबाग थाने में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि भारत चना दाल की आपूर्ति के लिए वंदना सिंह की अध्यक्षता वाली जय माता दी कृषक सेवा स्वावलंबी सहकारी समिति के खाते में 23.65 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन दाल की आपूर्ति नहीं हुई और रकम भी वापस नहीं की गई।
इसी तरह यशस्वी सिंह की अध्यक्षता वाली सारण फल सब्जी कृषक स्वावलंबी सेवा समिति पर भी 3.71 लाख रुपये लेकर दाल नहीं देने का आरोप है।
दोनों मामलों में कुल 27.36 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। पटना पुलिस इस मामले में पहले ही आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है।
अब इसी प्राथमिकी और पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच आगे बढ़ाई है।
यह भी पढ़ें- बिहार में चना दाल के नाम पर 60 लाख की कथित हेराफेरी, ED ने RJD MLC सुनील सिंह से पूछताछ