विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में पासपोर्ट बनवाने के नाम पर हो रही ठगी, CBI ने बताए जालसाजों से बचने के उपाय और शिकायत का तरीका

Published: Wed, 21 Oct 2026 06:36 PM (IST)Updated: Wed, 21 Oct 2026 06:49 PM (IST)

सीबीआइ ने पासपोर्ट बनवाने या नवीनीकरण के नाम पर हो रही ठगी को लेकर आम लोगों को चेतावनी जारी की ...और पढ़ें

बिहार में पासपोर्ट बनवाने के नाम पर हो रही ठगी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार में पासपोर्ट बनवाने के नाम पर हो रही ठगी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. CBI ने पासपोर्ट संबंधी ठगी के प्रति लोगों को चेताया।

  2. फर्जी एजेंट, वेबसाइट से बचें, आधिकारिक पोर्टल उपयोग करें।

  3. साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

राज्य ब्यूरो, पटना। पासपोर्ट बनवाने, नवीनीकरण कराने या आवेदन में सुधार के नाम पर ठगी करने वाले जालसाजों से सावधान रहने की जरूरत है। यह चेतावनी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आम लोगों के लिए जारी की है। 

सीबीआई के अनुसार साइबर अपराधी फर्जी एजेंट, नकली वेबसाइट और फोन कॉल के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। सीबीआई ने पासपोर्ट से जुड़ी धोखाधड़ी के प्रति लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि जालसाज पासपोर्ट का विवरण हासिल कर आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ व्यक्तिगत जानकारी का भी दुरुपयोग कर सकते हैं।

खुद को बताते हैं पासपोर्ट विभाग का अधिकारी 

जांच एजेंसी के अनुसार ठग कई बार खुद को पासपोर्ट विभाग का अधिकारी बताकर फोन करते हैं। वे पासपोर्ट रद होने या आवेदन में गड़बड़ी का डर दिखाकर लोगों से पैसे मांगते हैं। 

कुछ जालसाज जल्द पासपोर्ट बनवाने, तत्काल नियुक्ति दिलाने या आवेदन स्वीकृत कराने की गारंटी देकर अतिरिक्त राशि वसूलते हैं। वहीं, फर्जी वेबसाइट के जरिए आवेदन शुल्क और बैंक संबंधी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती है।

मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें

एजेंसी से आमजन से कहा है कि वे पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें। शुल्क का भुगतान अधिकृत पोर्टल पर ही करें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते का विवरण, पासवर्ड, पिन या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। 

पासपोर्ट की प्रति और दूसरे निजी दस्तावेज भी अनजान लोगों को देने से बचें। यदि कोई फोन कर पासपोर्ट रद करने की धमकी देता है या तत्काल भुगतान का दबाव बनाता है, तो घबराकर पैसे न भेजें। पहले संबंधित विभाग से जानकारी की पुष्टि करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान वेबसाइट पर भुगतान करने से भी बचें।

यहां करें शिकायत

सीबीआई ने कहा है कि साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पासपोर्ट संबंधी सहायता के लिए आधिकारिक हेल्पलाइन 1800-258-1800 का उपयोग किया जा सकता है। सीबीआई के अनुसार समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम रोकने की संभावना बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें- ब‍िहार के शहरी गरीबों को पक्का मकान दिलाने की तैयारी तेज, पीएम आवास योजना के लिए बनेंगी टेक्निकल टीमें