TRE 4 के विज्ञापन के लिए पटना में बड़ा बवाल; पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई छात्र चोटिल
पटना में बीपीएससी टीआरई-4 विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें कई छात्र घायल हो गए।
HighLights
पटना में बीपीएससी टीआरई-4 विज्ञापन के लिए छात्रों का प्रदर्शन।
पुलिस ने जेपी गोलंबर पर प्रदर्शनकारियों पर किया लाठीचार्ज, कई घायल।
छात्र नेता ने आयोग पर 13 लाख अभ्यर्थियों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा शिक्षक भर्ती के चौथे चरण के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर गुरुवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
राजधानी के जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने बल प्रयोग कर हटाया। इस दौरान कई छात्रों को चोटें आई हैं।

(लाठीचार्ज के बाद गिरते-पड़ते भागते छात्र।)
पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार 10 बजे छात्रों का हुजूम पटना कॉलेज से निकला। वे बीपीएससी तक मार्च निकाल रहे थे। पुलिस ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर रखी थी।
11.30 से एक बजे तक पुलिस ने उन्हें रोके रखा। बैरिकेडिंग तोड़ने की छात्रों ने कोशिश की तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें कई लड़कियां भी चोटिल हुई हैं।
एक छात्रा ने कहा-भविष्य के शिक्षक को अपराधी की तरह पुलिस ने पीटा है। कई छात्राें के सिर फट गए हैं। छात्राें का कहना है कि आंसू गैस और वाटर कैनन का प्रयोग किए बिना लाठीचार्ज किया गया।
छात्र नेता का गंभीर आरोप
छात्र नेता दिलीप कुमार ने बताया कि टीआरई-4 के लिए आयोग लगातार झूठ बोल रहा है। 13 लाख से अधिक छात्रों को गुमराह किया जा रहा है।
बार-बार विज्ञापन जारी करने के लिए नई तिथि बताई जा रही है। साल 2024 से अधियाचना मिलने की बात की जा रही है।
हाल ही में परीक्षा नियंत्रक ने कहा था कि 19 अप्रैल को विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। 25 या 26 अप्रैल से फार्म भरना शुरू हो जाएगा। आठ मई तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया। इसी को लेकर हम आज पटना जाम करने पहुंचे।

टीआरई-4 से 46,882 पदों पर बहाली
गौरतलब है कि टीआरई-4 में कुल चार विभागों में 46,882 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। शिक्षा विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में ये बहाली होंगी।
शिक्षा विभाग में सबसे अधिक पद हैं, जिसमें माध्यमिक (कक्षा 9-10) के 9,082 और उच्च माध्यमिक (11-12) के 16,774 रिक्तियों को भरा जाएगा।
प्राथमिक (1-5) में 10,778 और मध्य विद्यालय (6-8) में 8,583 पदों पर बहाली की जाएगी। 22 से 27 सितंबर के बीच परीक्षा के आयोजन की संभावना है।
यह भी पढ़ें- टीआरई-4 अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर; बिहार के शिक्षा मंत्री ने कहा- एक सप्ताह में दिखेगा बदलाव
